समाचार · बिहार
नेपाल रोड एक्सीडेंट: पोखरा की फेवा झील में गिरी भारतीय नंबर की कार, रक्सौल के 2 युवकों की मौत, दो घायल

रक्सौल. नेपाल के कास्की जिले में शुक्रवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया. पोखरा महानगरपालिका-18 स्थित गैरीचौतारा घुम्ती के पास भारतीय नंबर प्लेट की एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे फेवा झील में जा गिरी. हादसे में रक्सौल के दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य घायल हैं.
सुबह 4:50 बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार सुबह करीब 4:50 बजे हुआ. भारतीय नंबर प्लेट बीआर 05 बीबी 6759 वाली कार से सभी लोग लेकसाइड की ओर जा रहे थे. इसी दौरान चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से नीचे झील में जा गिरी.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस कार्यालय बैदाम से डीएसपी सूर्य बहादुर बोगटी के नेतृत्व में 15 पुलिसकर्मी और सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल नंबर-24 हेडक्वार्टर कालिका गण, कास्की से 13 जवानों की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया.
दो युवकों को जिंदा निकाला गया
उद्धार अभियान के दौरान कार में सवार रक्सौल निवासी 27 वर्षीय अनमोल कुमार यादव और 33 वर्षीय सुरज यादव को जीवित बाहर निकाला गया. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के मुताबिक दोनों की हालत मध्यम है और वे बातचीत करने की स्थिति में हैं. हादसे के बाद दोनों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है.
झील से निकाले गये दो शव
बचाव अभियान के दौरान सुबह करीब 5:55 बजे झील के पानी से दो लोगों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया. दोनों को पोखरा स्वास्थ्य विज्ञान प्रतिष्ठान के पश्चिमांचल क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने सुबह 6:21 बजे दोनों को मृत घोषित कर दिया.
मृतकों की पहचान रक्सौल निवासी 26 वर्षीय नवदीप कुमार यादव और करीब 26 वर्षीय प्रियांशु पांडेय के रूप में हुई है.
क्रेन से झील से निकाली गयी कार
पुलिस ने क्रेन की मदद से सुबह करीब 6:20 बजे कार को झील से बाहर निकाला. इसके बाद वाहन को पुलिस कार्यालय बैदाम में रखा गया है.
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे झील में गिरी, लेकिन दुर्घटना की परिस्थितियों और चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें:
MGCU में जन्माष्टमी पर भव्य आयोजन, झांकी-भजन से भक्तिमय हुआ विश्वविद्यालय परिसर