समाचार · छत्तीसगढ़
सरगुजा कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, पीएम-सीएम का पुतला फूंका:कांग्रेस कोषाध्यक्ष की गिरफ्तारी का विरोध, कहा- बदनाम करने जांच एजेंसियों का दुरूपयोग
सरगुजा कांग्रेस ने कांग्रेस को बदनाम करने की साजिश का आरोप लगा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को बदनाम करने के लिए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के द्वारा जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। सरगुजा कांग्रेस ने कांग्रेस कार्यालय से रैली निकाली और कलेक्टोरेट चौक पर प्रधानमंत्री और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सत्ता में आने के बाद केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार लगातार कांग्रेस के नेताओं के विरुद्ध झूठे मामलों को हवा दे रही है और इसकी आड़ में जांच एजेंसियों के माध्यम से उनके विरुद्ध कार्रवाई कर रही है। कांग्रेस नेताओं को परेशान करने की कोशिश
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि जांच एजेंसियों के माध्यम से लगातार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके परिवार के सदस्यों, पूर्व केबिनेट मंत्री कवासी लखमा, विधायक देवेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। रामगोपाल अग्रवाल कहीं फरार नहीं थे। उनर झूठे आरोप लगा उन्हें गिरफ्तार किया गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा पूरे देश मे विपक्ष को समाप्त कर तानाशाही स्थापित करना चाहती है। इसी उद्देश्य से वो पहले विपक्षी नेताओं पर झूठे आरोप लगाती है, फिर उनके पीछे जांच एजेंसियों को छोडती है। लेकिन भाजपा नेताओं के भ्रष्टाचार के मोबाईल ऑडियो वायरल हो जाने के बावजूद उनके खिलाफ अपराध तक दर्ज नहीं करती। भाजपा के इस दोहरे चरित्र को जनता देख रही है और उसे उसके इस करनी की सजा भी वही देगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में तेज बारिश के बीच रैली निकाल पुतला दहन किया गया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पुतला दहन रोकने का भी प्रयास किया, किन्तु कार्यकर्ता पुतला दहन करने में कामयाब रहे।
ये रहे उपस्थित
पुतला दहन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जेपी श्रीवास्तव, शफ़ी अहमद, द्वितेंद्र मिश्रा, हेमंत सिन्हा, मो इस्लाम, रामविनय सिंह साथ ही प्रशांत सिंह, इंद्रजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, संजय सिंह, अशफाक अली, मो हसन, कलीम खान, मो बाबर, जमील खान, विकल झा, जीवन यादव सहित युकां व महिला कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।