समाचार · हरियाणा
हकेवि में UPSC-HCS की मुफ्त कोचिंग के आवेदन शुरू:30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन; SC-OBC के लिए 100 सीटें, 50 सशुल्क सीटें भी
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ में यूपीएससी और एचसीएस परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। इच्छुक विद्यार्थी 30 नवंबर तक www.cuh.ac.in पर आवेदन कर सकते हैं। यह कोचिंग डॉ. अंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (डेस) के तहत दी जाएगी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने नए सत्र के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दी। डेस के समन्वयक प्रो. अंतरेश कुमार ने बताया कि सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की ओर से चल रहा यह केंद्र पिछले चार साल से आईएएस, आईपीएस, एचसीएस और अन्य सरकारी नौकरियों की तैयारी कराता है। स्नातक की पढ़ाई पूरा होना जरूरी कोचिंग के लिए एससी वर्ग की 70 और ओबीसी वर्ग की 30 सीटें हैं। इन वर्गों के वे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिनकी पारिवारिक सालाना आय 8 लाख रुपए से कम है। आवेदन के लिए स्नातक की पढ़ाई पूरी होना जरूरी है। इसके अलावा किसी भी वर्ग के 50 अभ्यर्थियों को फीस देकर दाखिला लेने का मौका मिलेगा। अभ्यर्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के आधार पर होगा। चुने गए अभ्यर्थियों को डॉ. अंबेडकर फाउंडेशन और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से हर महीने 4,000 रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी।