समाचार · हरियाणा
पानीपत में राष्ट्रपति कार्यक्रम स्थगित, ब्रह्माकुमारीज को भेजा पत्र:1 नवंबर को ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर में होना था राष्ट्रीय परियोजना का शुभारंभ
पानीपत में 1 नवंबर को होने वाला राष्ट्रपति का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से 29 अक्तूबर को जारी पत्र में इसकी सूचना दी गई है। कार्यक्रम ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर, थिराना में आयोजित होना था। इसमें राष्ट्रपति को राष्ट्रीय परियोजना ‘विकसित भारत का संकल्प – ग्राम उत्थान से राष्ट्र उत्थान’ का शुभारंभ करना था। राष्ट्रपति के निजी सचिव मृ्त्युंजय शर्मा की ओर से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, ज्ञान मानसरोवर की अतिरिक्त निदेशक डॉ. बीके लीना को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि राष्ट्रपति का निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। पत्र में कार्यक्रम स्थगित होने का कारण नहीं बताया गया है। पत्र के अनुसार, यह कार्यक्रम रविवार 1 नवंबर को दोपहर 2:50 बजे से 3:35 बजे तक प्रस्तावित था। इसके तहत स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर राष्ट्रीय परियोजना का शुभारंभ किया जाना था। कार्यक्रम के लिए पानीपत के थिराना स्थित ज्ञान मानसरोवर रिट्रीट सेंटर का चयन किया गया था। बता दें कि जिला प्रशासन की ओर से इसकी पूरी तैयारियां की जा चुकी थी। स्थानीय स्तर पर हेलीपेड तक तैयार करवा दिए गए थे। रोजाना जिला प्रशासनिक अधिकारी मौके का मुआयना तक कर रहे थे।