समाचार · पंजाब
अमृतसर में 2 युवकों पर फायरिंग:एक की हालत नाजुक, दोनों दरगाह पर माथा टेकने आए थे, 32 बोर के 3 खोल मिले
अमृतसर में गुरुवार को 2 युवकों पर फायरिंग कर दी गई। हमलावरों की संख्या करीब 6 बताई जा रही है। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली लगने से दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला करीब 3 से 4 साल पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। घायलों की पहचान शरणदीप और आकाशदीप के रूप में हुई है। दोनों कोटली सका अजनाला के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक तारांवाला पुल स्थित मजार पर माथा टेकने आए थे। इसी दौरान हमलावर वहां पहुंचे और उन पर गोलियां चला दीं। पुलिस को घटनास्थल से 32 बोर के तीन खोल मिले हैं। कहासुनी के बीच पिस्टल निकालकर फायरिंग की
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, हमलावरों की संख्या पांच से छह थी। पहले मोटरसाइकिल की चाबी निकालने को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद एक हमलावर ने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दोनों युवकों को गोलियां लगी हैं। चार साल पहले 2 गुटों में झगड़ा हुआ था
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच करीब तीन से चार साल पहले भी लड़ाई-झगड़ा हुआ था। उस दौरान दोनों गुटों के बीच तेजधार हथियारों से हमला करने की बात सामने आई थी। 4 आरोपियों में से 2 की पहचान हुई
पुलिस को छह हमलावरों के शामिल होने की जानकारी मिली है। इनमें से दो की पहचान बताई गई है, जबकि अन्य चार की पहचान की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आकाशदीप को इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेजा गया, जबकि शरणदीप का सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है।