समाचार · छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग...बारिश के कारण आज के दोनों मैच रद्द:अब 30 अक्टूबर को होंगे मुकाबले, तेज हवा और खराब मौसम के चलते फैसला; 31 को सेमीफाइनल
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के असर से बिगड़े मौसम के कारण छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के गुरुवार को होने वाले दोनों मुकाबले स्थगित कर दिए गए हैं। खिलाड़ियों की सुरक्षा और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति ने यह फैसला लिया है। अब दोनों मैच शुक्रवार, 30 अक्टूबर को खेले जाएंगे। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में शाम 5:30 बजे संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और मैनपाट टाइटन्स आमने-सामने होंगे। वहीं, शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियंस और बैलाडिला बुल्स के बीच मुकाबला होगा। 11 अंक लेकर न्यायधानी नाइट्स सेमीफाइनल में लीग में न्यायधानी नाइट्स ने अपने पांचों मैच खेलकर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। टीम 3 जीत और 2 ड्रॉ के साथ 11 अंक लेकर अंक तालिका में शीर्ष पर है। राजधानी रॉयल्स अपने पांचों मैच हारकर सबसे निचले स्थान पर है। मैनपाट टाइटन्स 4 मैचों में 2 जीत और 2 ड्रॉ के साथ 8 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। चक्रधर चैंपियंस 2 जीत, 1 ड्रॉ और 1 हार के साथ 7 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। बैलाडिला बुल्स के 4 मैचों में 1 जीत, 2 ड्रॉ और 1 हार से 5 अंक हैं। टीम चौथे स्थान पर है। वहीं, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स 1 जीत, 1 ड्रॉ और 2 हार के साथ 4 अंक लेकर पांचवें स्थान पर है। 31 अक्टूबर को सेमीफाइनल, 1 नवंबर को फाइनल छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के दोनों सेमीफाइनल 31 अक्टूबर को खेले जाएंगे। इसके बाद 1 नवंबर को फाइनल मुकाबला होगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से पहली बार आयोजित इस लीग में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। 22 अक्टूबर से शुरू हुई प्रतियोगिता में रोजाना शाम को मुकाबले हो रहे हैं। लीग के मैच देखने के लिए दर्शकों के साथ कई विशिष्ट अतिथि भी स्टेडियम पहुंच रहे हैं।