समाचार · मध्य प्रदेश
उज्जैन में दो मिनट में वारदात, घटना CCTV में कैद:थैली की आड़ में पुजारी की जेब से 80 हजार का मोबाइल पार किया
उज्जैन में पुलिस की सख्ती के बावजूद चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। महाकाल थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुई एक चोरी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें दो बदमाश महज दो मिनट में एक पुजारी की शर्ट की जेब से करीब 80 हजार रुपए कीमत का मोबाइल चोरी कर फरार होते नजर आ रहे हैं। आरोपियों ने थैली की आड़ लेकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित राजेश पुजारी ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ, जो पंडिताई सीख रहा है, आश्रम के पास नरसिंह घाट स्थित एक दुकान पर पूजा का सामान खरीदने गए थे। उन्होंने करीब डेढ़ महीने पहले 80 हजार रुपए का मोबाइल खरीदा था, जिसे शर्ट की ऊपरी जेब में रखा हुआ था। राजेश के अनुसार, दुकान पर दो युवक उनके आसपास मंडराने लगे और उन्हें घेर लिया। इसी दौरान एक आरोपी ने हाथ में पकड़ी थैली की आड़ बनाकर उनकी जेब से मोबाइल निकाल लिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में एक आरोपी मोबाइल चोरी करने के बाद कैमरे की ओर देखते हुए भी नजर आता है। इसके बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।