समाचार · मध्य प्रदेश
सीधी में स्कूल पास घड़ियाल का डेरा, बच्चों में दहशत:बमुरी में 4 दिन से तलैया में दिख रहा; ग्रामीणों ने रेस्क्यू की मांग की
सीधी जिले के सिहावल विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बमुरी के सरकारी स्कूल के पीछे छोटी तलैया में पिछले चार दिनों से एक घड़ियाल मौजूद है। स्कूल से महज 100 मीटर दूरी पर घड़ियाल की मौजूदगी से क्षेत्र में दहशत है। पहली से आठवीं तक के छात्र जाते हैं स्कूल कक्षा 1 से 8वीं तक के छात्र-छात्राएं प्रतिदिन इसी तलैया के पास से होकर विद्यालय आते-जाते हैं। अभिभावक अजय सोनवानी और रोहित नामदेव ने बताया कि राहगीर भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी हुई है। विभाग से रेस्क्यू की मांग घड़ियाल के लगातार वहीं जमे रहने से ग्रामीणों में भारी भय है। लोगों का कहना है कि यह जीव कभी भी बाहर आ सकता है। ग्रामीणों ने सोन घड़ियाल अभ्यारण्य और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से इसे तुरंत सुरक्षित पकड़े जाने की मांग की है। डीएफओ से की शिकायत शनिवार सुबह 9 बजे ग्रामीणों ने मामले की शिकायत डीएफओ से की। डीएफओ राजेश कन्ना टी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच टीम को मौके पर भेज दिया गया है और घड़ियाल को जल्द ही सुरक्षित पकड़ लिया जाएगा।