समाचार · उत्तर प्रदेश
संपत्ति का खूनी खेल, शिक्षिका बहू ने ससुर को उतारा मौत के घाट, 4 घंटे में खुली पोल

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र स्थित सोनबरसा गांव में संपत्ति विवाद को लेकर एक दर्दनाक वारदात सामने आई है. आरोप है कि पेशे से शिक्षिका बड़ी बहू शोभा गुप्ता लंबे समय से अपने ससुर सच्चाराम गुप्ता पर सारी जमीन नाम करने का दबाव बना रही थी. ससुर दोनों बेटों में बराबर हिस्सा देना चाहते थे. इसी रंजिश में बहू ने ससुर को बातचीत के लिए बुलाया और अचानक उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक कर उन्हें लाचार कर दिया.
डंडे से ताबड़तोड़ वार कर ससुर को उतारा मौत के घाट
आंखों में तीखी जलन के कारण जैसे ही बुजुर्ग ससुर जमीन पर गिर पड़े, वहां मौजूद अन्य सहयोगियों ने उन्हें मजबूती से पकड़ लिया. इसके बाद आरोपी बहू ने फावड़े के लकड़ी वाले डंडे से उनके सिर पर ताबड़तोड़ कई जानलेवा वार किए. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण बुजुर्ग ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया. हत्या के बाद सभी आरोपियों ने मिलकर रात के अंधेरे में शव को खाली प्लॉट में घसीटकर फेंक दिया.
पुलिस ने चार घंटे के भीतर किया हत्या का पर्दाफाश
घटना की जानकारी मिलते ही फरेंदा थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी. महराजगंज के पुलिस अधीक्षक के अनुसार, पुलिस टीम ने सिर्फ चार घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बहू समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल फावड़े का डंडा और अन्य अहम साक्ष्य बरामद कर लिए हैं. गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़े: प्रेमी संग रहने पत्नी ने की पति की निर्मम हत्या