समाचार · मध्य प्रदेश
आज बजरंग दल का प्रदर्शन, निकालेंगे मार्च:संसद में राम मंदिर चढ़ावा विवाद के विरोध की गूंज भोपाल तक
संसद के मानसून सत्र के दौरान अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के बाद अब इसकी गूंज भोपाल में भी सुनाई देगी। संसद परिसर में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव और विपक्षी सांसदों द्वारा साधु वेश में किए गए सांकेतिक प्रदर्शन को भगवान श्रीराम, संतों और हिंदू आस्था का अपमान बताते हुए विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने शनिवार को भोपाल में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। संगठन के अनुसार विरोध प्रदर्शन दोपहर को व्यापम चौराहे से शुरू होकर कांग्रेस कार्यालय तक निकाला जाएगा। इसमें विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, साधु-संतों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया गया है। आयोजकों का कहना है कि संसद परिसर में जिस तरह का प्रदर्शन किया गया, उससे करोड़ों रामभक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसी के विरोध में यह प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। यह है पूरा मामला गौरतलब है कि शुक्रवार को संसद परिसर में पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव भगवा वस्त्र और साधु वेश में पहुंचे थे। उन्होंने विपक्षी सांसदों के साथ मिलकर राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं को लेकर सांकेतिक नाटक प्रस्तुत किया था। विपक्ष का कहना था कि यह प्रदर्शन चढ़ावे के प्रबंधन में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर किया गया, जबकि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल इसे भगवान श्रीराम और हिंदू आस्था का अपमान बता रहे हैं। विश्व हिंदू परिषद ने सभी सनातन धर्मावलंबियों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। प्रदर्शन के दौरान संगठन की ओर से ज्ञापन सौंपे जाने की भी संभावना है।