entertainment
Bigg Boss 20 PROMO: डिसरेस्पेक्ट की भी एक हद होती है... गालियां बकने पर रीति तिवारी की सलमान ने उतारी हेकड़ी, हवा देने पर आसिफ की भी लगाई क्लास

Bigg Boss 20 Promo: डिस राउंड में जो गालियां रीति तिवारी ने शान से बकी थीं, उसका हिसाब सलमान खान कल के 'वीकेंड का वार' में चुकता करने वाले हैं. शो का नया प्रोमो सामने आ चुका है, जिसमें भाईजान का गुस्सा देखकर रीति और उनकी पूरी टोली के पसीने छूट गए हैं. सलमान ने बिना लाग-लपेट के साफ कर दिया कि जिसे रीति अपना स्वैग समझ रही थीं, वो इस शो का सबसे घटिया डिस था. प्रोमो में सलमान सिर्फ रीति पर ही नहीं बरसे, बल्कि पीछे से हवा देने वाले आसिफ की भी सरेआम अक्ल ठिकाने लगा दी. आइए जानते हैं कि इस प्रोमो में क्या-क्या हुआ.
'तुम काजी से जलती हो', सलमान ने उतारी रीति की हेकड़ी
प्रोमो की शुरुआत में ही सलमान खान सीधे रीति तिवारी पर निशाना साधते हैं. सलमान कहते हैं कि वो काजी से इनसिक्योर हैं और उनसे जलती हैं. अपनी इस पोल के खुलते ही रीति तुरंत डिफेंसिव हो जाती हैं और मुंह बनाकर कहती हैं कि वो बिल्कुल भी जेलस नहीं हैं, बस उन्हें काजी बतौर इंसान ही पसंद नहीं हैं.
'सबसे बेकार और घटिया डिस था वो', भाईजान ने लगाई लताड़
रीति का यह बहाना सुनते ही सलमान खान का पारा चढ़ जाता है. वो सीधे डिस टास्क का मुद्दा उठाते हुए कहते हैं,
"छोड़ो, तुम शायद उस डिस के लिए अपने मन में बहुत प्राउड फील कर रही होगी, लेकिन वो अब तक का सबसे बेकार और घटिया डिस था. किसी को डिसरेस्पेक्ट करने की भी एक हद होती है."
सलमान की इतनी तीखी फटकार सुनकर रीति फिर से मुंह बनाती हैं और लीपापोती करते हुए कहती हैं कि उनका वो सब मतलब नहीं था.
ये भी पढ़ें: "अब कान से खून निकल जाएगा...", बिग बॉस 20 में अरिशफा खान की हरकतों से बौखलाईं आम्रपाली दुबे, सरेआम उड़ाईं धज्जियां
आसिफ और पूरी मंडली पर भड़के, पूछा- 'कहां गई आपकी अक्ल?'
रीति का ऐसा रवैया देखकर सलमान का गुस्सा और बढ़ जाता है. वो सीधे रीति के पीछे खड़ी उनकी पूरी मंडली की तरफ मुड़ते हैं और उन्हें भी लपेटे में ले लेते हैं. सलमान चिढ़ते हुए कहते हैं,
"आप लोगों को बिल्कुल नहीं लगा कि यह बेइज्जती की लाइन क्रॉस कर रही हैं? आप लोग पीछे से उन्हें चढ़ा रहे थे और वो चढ़ती जा रही थीं."
इसके बाद सलमान की सीधी रडार पर आते हैं आसिफ. सलमान उनसे कड़े लहजे में पूछते हैं,
"कहां गई आसिफ आपकी अक्ल? अगर आपकी बहन के ऊपर कोई ऐसा डिस करता, तो क्या आप उसे करने देते?"
सलमान का यह सवाल सुनते ही आसिफ समेत पूरी मंडली के चेहरे का रंग उड़ जाता है.
आखिर डिस राउंड में ऐसा क्या हुआ था?
दरअसल, हाल ही में हुए डिस राउंड के दौरान रीति तिवारी ने सारी हदें पार कर दी थीं. टास्क के नाम पर रीति ने उदिति सिंह के खिलाफ बेहद भद्दी और गंदी गाली-गलौज की थी. इस टास्क के बाद घर जंग का मैदान बन गया था. उदिति रो-रोकर परेशान हो गई थीं और गुस्से में उन्होंने रीति को 'मोटी, बदसूरत और दिल की काली' तक कह दिया था, जबकि रीति का आरोप था कि उदिति ने उन्हें सरेआम 'ड्रग एडिक्ट' बोला.
अब देखना दिलचस्प होगा कि इस पूरी गाली-गलौज और बदतमीजी को लेकर कल के 'वीकेंड का वार' एपिसोड में सलमान खान रीति और उनकी मंडली की किस तरह और कितनी तगड़ी क्लास लगाते हैं.