Wednesday, 19 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

दिल्ली की साइबर ठगी के तार भोपाल से जुड़े:कमला नगर में दबिश, एक संदिग्ध हिरासत में

INT News18 August 2026 at 11:41 pm

दिल्ली के कनाट प्लेस इलाके में हुई साइबर ठगी की जांच के तार भोपाल तक पहुंचने के बाद दिल्ली साइबर क्राइम पुलिस ने मंगलवार रात कमला नगर के सबरी नगर में दबिश दी। टीम ने कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। उससे साइबर ठगी की रकम और उससे जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में हुई साइबर ठगी की रकम की ट्रेसिंग के दौरान कुछ लेन-देन भोपाल के बैंक खातों से जुड़े मिले। जांच में सामने आया कि ठगी से हासिल रकम कमला नगर क्षेत्र में रहने वाले दो लोगों के बैंक खातों में पहुंची थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम भोपाल पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संदिग्धों की जानकारी जुटाई। सोमवार रात टीम ने सबरी नगर में एक ठिकाने पर दबिश देकर एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के लिए उसे अपने साथ ले जाया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसके खाते में रकम किस माध्यम से पहुंची और साइबर ठगी करने वाले गिरोह से उसका किस तरह का संबंध है। दूसरे संदिग्ध की तलाश जारी

जांच के दायरे में आए दूसरे व्यक्ति की तलाश भी की जा रही है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों की जांच मुख्य रूप से बैंक खातों में हुए लेन-देन और रकम के ट्रांजेक्शन के आधार पर आगे बढ़ रही है। दिल्ली पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि भोपाल के खातों का इस्तेमाल सीधे ठगी में हुआ था या रकम को आगे ट्रांसफर करने के लिए किया गया।