समाचार · हरियाणा
पिंजौर में ने तीन घरों में चोरी की कोशिश:दीवार फांदकर घुसे दो युवक, खिड़की- दरवाजे खोलने का प्रयास, सीसीटीवी में हुए कैद
पंचकूला जिले के पिंजौर की प्रगति विहार कॉलोनी में देर रात दो नकाबपोश संदिग्ध युवकों ने तीन घरों में घुसने की कोशिश की। यह घटना मकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। करीब 20 से 30 मिनट तक दोनों युवक मकानों के दरवाजे और खिड़कियां खोलने का प्रयास करते रहे। मकान मालिक भूपिंदर वर्मा और जतिंदर चौहान ने बताया कि यह घटना रात करीब दो बजे हुई। दोनों युवक मुंह ढककर दीवार फांदकर घरों के आंगन में दाखिल हुए। उन्होंने तीन घरों के दरवाजों और खिड़कियों को खोलने की कोशिश की। खिड़की- दरवाजें बंद होने पर वापस लौटे दरवाजों पर कुंडी लगी होने के कारण वे अंदर नहीं जा सके। वहीं, गर्मी की वजह से कुछ खिड़कियां खुली थीं, लेकिन जालियां बंद होने के चलते संदिग्ध युवकों की कोशिश नाकाम रही। सीसीटीवी फुटेज में दोनों युवक घरों के आसपास घूमते और दरवाजे-खिड़कियां खोलने का प्रयास करते दिख रहे हैं। काफी देर तक कोशिश करने के बाद जब उन्हें सफलता नहीं मिली, तो वे दीवार फांदकर वहां से भाग गए। इस घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में डर का माहौल है। कॉलोनीवासियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच करने और रात के समय इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।