समाचार · हरियाणा
महेंद्रगढ़ में चोरी के दो आरोपी अरेस्ट:मकान में घुसकर चुराया सामान, चांदी के जेवर, 7 मोबाइल बरामद, पहले से दर्ज कई केस
महेंद्रगढ़ के कनीना में पुलिस ने एक मकान में हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने कनीना निवासी संदीप और आतिश को गिरफ्तार किया है। उनके पास से सात मोबाइल फोन और चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। डीएसपी डॉ. कविता ने बताया कि कनीना पुलिस को 10 सितंबर को शाम करीब चार बजे चोरी की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि रात में उसके घर से दो चांदी की पायल, एक सोने की चेन, चार मोबाइल फोन और आठ हजार रुपए नकद चोरी हो गए। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। कनीना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और जांच आगे बढ़ाई। पुलिस टीम ने सबूतों और तकनीकी जानकारी के आधार पर 11 सितंबर को दोनों आरोपी संदीप और आतिश को गिरफ्तार कर लिया। चोरी के जेवर और मोबाइल बरामद पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर सात मोबाइल फोन, चार जोड़ी चांदी की पायल और दो जोड़ी चांदी की पैरों की चुटकी बरामद की गईं। बरामद सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी संदीप पर पहले भी चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, शस्त्र अधिनियम और चोरी के मामले शामिल हैं। वहीं, आरोपी आतिश पर चोरी से जुड़े तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को आज फिर अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में आरोपियों की भूमिका, बरामद सामान और वारदात से जुड़े दूसरे पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई नियमों के अनुसार जारी रहेगी।