Monday, 14 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

करनाल नेशनल हाईवे पर दो गाड़ियों की भिड़ंत:दोनों पलटीं, परिवार बाल-बाल बचा, स्विफ्ट चालक ने कट मारा तो डिवाइडर से टकराई, पीछे आ रही स्कॉर्पियो भी चपेट में आई

INT News14 September 2026 at 12:52 pm

करनाल में नेशनल हाईवे पर मधुबन-कंबोपुरा के बीच सोमवार को दो गाड़ियों की भिड़ंत हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो और स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दोनों वाहन पलट गए। स्कॉर्पियो में एक परिवार सवार था, जिसमें एक बच्चे को मामूली खरोंच आई। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना मिलने पर मधुबन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू की। स्विफ्ट ने अचानक कट मारा, डिवाइडर से टकराई

उपली निवासी स्कॉर्पियो चालक सैगमन सिंह ने बताया कि वह घरौंडा से करनाल की तरफ आ रहे थे। उनकी गाड़ी की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा के बीच थी और वह साइड लेन में चल रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही स्विफ्ट कार ने अचानक कट मारकर उनकी गाड़ी के आगे प्रवेश किया और डिवाइडर से टकरा गई। इससे हाईवे की रेलिंग भी टूट गई।

सैगमन ने बताया कि स्विफ्ट के पीछे होने के कारण उनकी स्कॉर्पियो भी उससे टकरा गई। टक्कर में दोनों एक्सल टूट गए, जिसके बाद गाड़ी को संभालना मुश्किल हो गया। उनकी गाड़ी रेलिंग से टकराई और दूसरी तरफ जाने से बच गई। हादसे में दोनों वाहन पलट गए। गाड़ी में मां, पत्नी और बेटा था सवार

सैगमन सिंह के अनुसार स्कॉर्पियो में उनकी मां, पत्नी और बेटा भी सवार थे। बेटे को थोड़ी बहुत खरोंच आई। उन्होंने सीट बेल्ट लगाई हुई थी, जिससे वह सुरक्षित रहे। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो का दरवाजा नहीं खुला और मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। उन्होंने स्विफ्ट चालक पर तेज गति से वाहन चलाने और शराब के नशे में होने की आशंका जताई। स्विफ्ट में चार अन्य लोग भी सवार बताए गए। पुलिस ने संभाली हाईवे की स्थिति

मधुबन थाना के एसआई लछमन सिंह ने बताया कि दोनों गाड़ियां घरौंडा की तरफ से आ रही थीं। प्रारंभिक जांच में स्विफ्ट के तेज गति में होने और दूसरी गाड़ी के आगे कट मारने की बात सामने आई है। इसके बाद स्विफ्ट डिवाइडर से टकराई और पीछे चल रही स्कॉर्पियो भी उससे भिड़ गई। स्विफ्ट चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। दोनों गाड़ियां घरौंडा की हैं। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बनी, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।