समाचार · मध्य प्रदेश
बाहर से आने वाली ट्रॉलियों में खाद भेजने का आरोप, रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग
शाहगंज क्षेत्र में खाद वितरण व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव, बुदनी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विक्रम मस्ताल शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के किसान खाद के लिए परेशान हो रहे हैं। बाहर से आने वाली ट्रालियों में बड़ी मात्रा में खाद भेजे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। प्रेस विज्ञप्ति में शर्मा ने कहा कि खाद का वितरण नियमानुसार हो रहा है तो प्रशासन खाद के स्टॉक, आवक, वितरण का पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक करे। उन्होंने शाहगंज क्षेत्र के सभी डबल लॉक खाद वितरण केंद्रों के स्टॉक, आवक, वितरण रजिस्टर, किसानों को वितरित खाद की मात्रा की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। शर्मा ने कहा कि जांच में खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी, किसी तरह की मिलीभगत सामने आए तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने जिला प्रशासन, कृषि विभाग से क्षेत्र में पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की। वितरण व्यवस्था पारदर्शी बनाने की मांग की। अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।