Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कटनी में दिग्विजय सिंह के बयानों पर भाजपा का पलटवार:प्रभारी मंत्री उदय प्रताप और सांसद वीडी शर्मा ने आरोपों को निराधार बताया

INT News4 July 2026 at 07:49 pm

कटनी दौरे पर पहुंचे प्रदेश के प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के हालिया बयानों पर पलटवार किया। भाजपा नेताओं ने राम मंदिर, उज्जैन महाकाल मंदिर की जमीन और इंदौर के अस्पताल से जुड़े मुद्दों पर दिग्विजय सिंह द्वारा सरकार पर लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। इंदौर अस्पताल में देरी पर प्रभारी मंत्री ने दी सफाई दिग्विजय सिंह द्वारा इंदौर में छह साल पहले प्रस्तावित सरकारी अस्पताल के अब तक शुरू न होने पर उठाए गए सवाल का प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कई बार तकनीकी पेचीदगियों और कानूनी प्रक्रियाओं के कारण बड़ी सरकारी परियोजनाओं में समय लग जाता है। मंत्री ने साफ किया कि काम रुका नहीं है और राज्य सरकार जनहित की योजनाओं को जल्द पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। वीडी शर्मा बोले- राम मंदिर ट्रस्ट मामले में एसआईटी कर रही जांच सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने राम मंदिर ट्रस्ट विवाद पर दिग्विजय सिंह के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि यदि ट्रस्ट से जुड़े किसी मामले में अनियमितता की शिकायत आई है, तो उस पर स्वयं संज्ञान लिया गया है। सरकार के अनुरोध पर इस मामले में एसआईटी का गठन किया जा चुका है और पूरी निष्पक्षता से जांच चल रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महाकाल मंदिर की जमीन पर वीडी शर्मा का कांग्रेस को जवाब उज्जैन महाकाल मंदिर की जमीन पर आरएसएस का गेस्ट हाउस बनाने के आरोपों पर पलटवार करते हुए वीडी शर्मा ने दिग्विजय सिंह को उनके मुख्यमंत्री काल की याद दिलाई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में चरनोई (गौचर) भूमि के आवंटन में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुई थीं, जिसे खुद दिग्विजय सिंह ने अपनी राजनीतिक भूल स्वीकार किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार हिंदुत्व और सनातन संस्कृति को बदनाम करने की कोशिश करती रही है।