sports
'कई रातों के बाद सूरज निकला है...' सरफराज की टीम इंडिया में वापसी पर पिता का इमोशनल वीडियो वायरल

सरफराज खान की भारतीय टीम में वापसी हो गई है. करीब दो साल बाद उन्हें एक बार फिर टीम में शामिल किया गया है. श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए सरफराज को साई सुदर्शन के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में जगह मिली है. जैसे ही सरफराज की टीम में वापसी की खबर सामने आई, उनके पिता नौशाद खान भी अपनी भावनाओं को रोक नहीं पाए.
सरफराज खान के पिता नौशाद खान ने बेटे की वापसी पर एक प्रेरणादायक पंक्ति साझा की. उन्होंने लिखा, 'भले निकला है कई रातों के बाद सूरज, लेकिन मेहनत को मिलता है हमेशा किस्मत का साथ.' यह बात सिर्फ एक बधाई संदेश नहीं थी, बल्कि इसमें सरफराज के पिछले करीब दो साल का संघर्ष भी साफ नजर आता है. टीम से बाहर होने के बाद उन्होंने लगातार घरेलू क्रिकेट में रन बनाए, अपनी फिटनेस पर काम किया और मौके का इंतजार करते रहे. आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और एक बार फिर टीम इंडिया का दरवाजा उनके लिए खुल गया.
नवंबर 2024 के बाद अब मिला टीम इंडिया में मौका
सरफराज ने आखिरी बार नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत के लिए खेला था. वह सीरीज भारतीय टीम के लिए बेहद निराशाजनक रही थी. भारत को घरेलू मैदान पर 12 साल बाद टेस्ट सीरीज में हार मिली थी और पहली बार तीन मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था. उस सीरीज के बाद सरफराज टीम से बाहर हो गए. 2024-25 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए उन्हें भारतीय टीम में शामिल भी किया गया, लेकिन उन्हें एक भी टेस्ट खेलने का मौका नहीं मिला.
भारत के लिए अब तक सरफराज ने 6 टेस्ट की 11 पारियों में 371 रन बनाए हैं. उनका औसत 37.10 है और उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 150 रन है. अब करीब दो साल बाद उनके पास एक बार फिर टेस्ट क्रिकेट में अपनी जगह मजबूत करने का मौका है.
टीम से बाहर होने के बाद भी बल्ला नहीं रुका
सरफराज ने टीम से बाहर होने के बाद खुद को टूटने नहीं दिया. घरेलू क्रिकेट में उन्होंने लगातार रन बनाए और चयनकर्ताओं का दरवाजा खटखटाते रहे. रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 7 मैचों की 9 पारियों में 429 रन बनाए. उनका औसत 53.62 रहा और इस दौरान उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया. उनका सर्वोच्च स्कोर 227 रन रहा.
ये भी पढ़ें: 17 किलो वजन घटाया, कश्मीर में बहाया पसीना... 2 साल बाद सरफराज खान ने ऐसे किया टीम इंडिया में कमबैक
इसके बाद सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी उनका बल्ला खूब चला. सात पारियों में उन्होंने 329 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 65.80 और स्ट्राइक रेट 203.09 रहा. इस दौरान उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए. विजय हजारे ट्रॉफी में भी सरफराज ने अपनी फॉर्म जारी रखी. छह मैचों की पांच पारियों में उन्होंने 303 रन बनाए. उनका औसत 75.75 और स्ट्राइक रेट 190.56 रहा. उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक लगाए.
CSK से मिला मौका, फिर मुंबई टी20 लीग में भी दिखाया दम
उनके घरेलू प्रदर्शन का इनाम उन्हें आईपीएल में भी मिला. सरफराज को चेन्नई सुपर किंग्स ने 75 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा. आईपीएल में वह सात पारियों में 161 रन बना सके. उनका औसत 23 रहा और स्ट्राइक रेट करीब 170 का था. इस दौरान उनके बल्ले से एक अर्धशतक भी निकला. श्रीलंका सीरीज से पहले उन्होंने मुंबई टी20 लीग में आकाश टाइगर्स एमडब्ल्यूएस के लिए भी खेला. पांच पारियों में उन्होंने 161 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 214.67 रहा. यहां भी उन्होंने एक अर्धशतक लगाया.
फिटनेस पर भी जमकर की मेहनत
सरफराज की वापसी सिर्फ रनों की वजह से नहीं हुई. उन्होंने अपनी फिटनेस पर भी काफी काम किया है. हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर भारतीय टीम की जर्सी में अपनी तस्वीर साझा की, जिसमें उनका बदला हुआ और पहले से ज्यादा फिट लुक नजर आया. लंबे समय से उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठते रहे थे, लेकिन सरफराज ने इस बार मैदान के साथ-साथ फिटनेस पर भी खुद को साबित करने की कोशिश की. अब वह टीम इंडिया के कैंप से जुड़ चुके हैं और 15 अगस्त से गाले में शुरू होने वाले पहले टेस्ट की तैयारी कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: अजीत अगरकर की जगह चीफ सेलेक्टर नहीं बनना चाहते VVS लक्ष्मण? BCCI के सामने बढ़ी चुनौती