समाचार · मध्य प्रदेश
खराब सड़कों से लोग परेशान जिम्मेदार नहीं दे रहे हैं ध्यान
विदिशा| शहर की कई सड़कों की हालत लंबे समय से खराब है। जगह-जगह सड़क पर गड्ढे हो गए हैं और कई स्थानों पर डामर उखड़ चुका है। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क की गहराई का पता नहीं चलता, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को हो रही है। सड़कों की मरम्मत के नाम पर कई बार खानापूर्ति कर दी जाती है। कुछ जगहों पर गड्ढों में मलबा डालकर छोड़ दिया गया है, जो बारिश में फिर उखड़ जाता है। खराब सड़क के कारण वाहनों को नुकसान होने के साथ ही आवागमन में भी समय अधिक लग रहा है। कई सड़कों पर धूल और कीचड़ की समस्या भी बनी हुई है। रहवासियों ने नगर पालिका और संबंधित विभाग से मांग की है कि शहर की सभी खराब सड़कों का सर्वे कराया जाए और प्राथमिकता के आधार पर स्थायी मरम्मत कराई जाए। केवल गड्ढे भरने के बजाय गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण किया जाए, ताकि समस्या बार-बार सामने न आए। लोगों ने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर सड़क की समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।