Thursday, 8 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बेमेतरा में युवा उड़ान कार्यक्रम 2026:राज्य युवा आयोग अध्यक्ष बोले- चुनौतियों से भागें नहीं, सामना करें, टाउन हॉल में जुटे जिलेभर के युवा

INT News7 October 2026 at 11:06 pm

सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को बेमेतरा के स्थानीय टाउन हॉल में युवा कल्याण विभाग की ओर से ‘युवा उड़ान कार्यक्रम 2026’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों समेत जिलेभर से बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। युवाओं को करियर, सफलता और भविष्य की संभावनाओं को लेकर मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर रहे। अध्यक्षता बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने की। साजा विधायक ईश्वर साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं और नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। देखिये यह तस्वीरें चुनौतियों से भागें नहीं, उनका सामना करें: तोमर राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि परिस्थितियों का बहाना बनाने वाला व्यक्ति कभी सफल नहीं होता। युवाओं को चुनौतियों का सामना करते हुए कड़ी मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य को हासिल करना चाहिए। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के संदेश “उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो” का उल्लेख करते हुए युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी पारिवारिक संस्कृति और विरासत को नहीं भूलना चाहिए। देश की आन-बान-शान और विकास में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवा ही तय करेंगे जिले की दिशा: विधायक बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने कहा कि टाउन हॉल में युवाओं की बड़ी मौजूदगी बेमेतरा की युवा शक्ति और भविष्य की तस्वीर दिखाती है। जिले की दिशा और विकास तय करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए जीवन में लक्ष्य तय करना जरूरी है। लक्ष्य के साथ मेहनत, अनुशासन और खुद पर विश्वास सफलता की कुंजी है। युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलना जरूरी: ईश्वर साहू साजा विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि युवाओं के चेहरों की चमक ही छत्तीसगढ़ की असली ताकत है। युवाओं को आगे बढ़ने के लिए सरकार की ओर से स्किल डेवलपमेंट, स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा योजना जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की। कलेक्टर ने साझा किया अपना अनुभव कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि युवावस्था जीवन का सबसे अमूल्य समय है। इसी दौरान अपने हुनर को निखारने और लक्ष्य हासिल करने के लिए सबसे ज्यादा मेहनत की जा सकती है। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे भी मध्यमवर्गीय परिवार से आती हैं और कड़ी मेहनत, लगन व लक्ष्य के साथ पढ़ाई करके इस मुकाम तक पहुंचीं। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य केंद्रित होकर पढ़ाई करने और परिवार व जिले का नाम रोशन करने की अपील की। शिक्षा, खेल और कला में उत्कृष्ट युवाओं का सम्मान कार्यक्रम में शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान युवाओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। इसके साथ ही कैरियर गाइडेंस सत्र, सफल उद्यमियों से संवाद और युवा प्रतिभा मंच का आयोजन किया गया। युवाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।