समाचार · मध्य प्रदेश
भाई के घर जा रही महिला पर चढ़ा ट्रक, मौत:रक्षाबंधन मनाने पति के साथ जाते समय हादसा; बड़े वाहन ने पीछे से मारी टक्कर
देवास में भोपाल बायपास पर जामगोद के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार महिला की मौके पर ही गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, उज्जैन के घटिया निवासी शोभाबाई (पति गणेश परमार) अपने पति के साथ गुरुवार शाम को भौंरासा जा रही थीं। वे अपने भाई के यहां राखी का त्योहार मनाने निकली थीं। जामगोद के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक से नीचे गिर गए और शोभाबाई ट्रक की चपेट में आ गईं। पति गणेश परमार को हल्की चोटें आई हैं। गणेश परमार ने बताया कि ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मारी थी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शोभाबाई को मृत घोषित कर दिया। महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया है। पुलिस ने इस सड़क हादसे की जांच शुरू कर दी है।