national · महाराष्ट्र
कृति सेनन-कंगना रनौत की इंस्टाग्राम जंग में राहुल गांधी की एंट्री, बोले- ‘महिला क्या पहनती है...’

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार (25 अगस्त) को अभिनेत्री कृति सेनन का समर्थन किया. रक्षाबंधन के एक ज्वेलरी विज्ञापन में कृति की ड्रेस को लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था. बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी इस पर टिप्पणी की थी. इसके बाद राहुल गांधी ने कृति के समर्थन में कहा कि महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, यह उसका अपना फैसला है.
राहुल गांधी ने आगे कहा कि महिलाओं को अपनी आजादी के मुताबिक फैसले लेने पर ट्रोल करना बंद किया जाना चाहिए. उन्होंने इसके साथ #SmashThePatriarchy हैशटैग भी लगाया. यही हैशटैग उन्होंने हाल ही में पुणे में आयोजित अपनी महिला-केंद्रित ‘छात्रों की गूंज’ रैली में भी इस्तेमाल किया था.
ये भी पढ़ें: ‘बिकिनी में भाई को राखी?’ कृति सेनन के Rakhi Ad पर भड़कीं कंगना रनौत, पूछा- ‘आखिर ऐसी स्टाइलिंग क्यों?’
कृति सेनन ने मंगलवार को बिना किसी का नाम लिए इस विवाद पर जवाब दिया. उन्होंने कहा कि त्योहार की असली भावना कपड़ों में नहीं, बल्कि परंपराओं के प्रति हमारे भाव और सम्मान में होती है. कृति का यही बयान राहुल गांधी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया.
क्यों बढ़ा मामले को लेकर विवाद?
राहुल गांधी के बयान के बाद यह विवाद और चर्चा में आ गया. मामला पहले एक ब्रांड के विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर शुरू हुआ था. सोमवार (24 अगस्त) शाम कंगना रनौत ने विज्ञापन में कृति सेनन की ड्रेस पर सवाल उठाया. उन्होंने लिखा कि आज इतने विकल्प होने के बावजूद कोई महिला बिकिनी या अंदरूनी कपड़ों जैसी ड्रेस पहनकर अपने भाई को राखी क्यों बांधेगी? इसके बाद विवाद बढ़ गया.
ये भी पढ़ें: कृति सेनन के Rakhi Ad विवाद में बहन नूपुर सेनन की एंट्री, कंगना रनौत के बयान पर बोलीं- ‘मुझे दिक्कत नहीं तो आपको क्यों?’
एक ज्वेलरी ब्रांड के इस विज्ञापन में कृति सेनन ऑफ-व्हाइट रंग की ड्रेस में नजर आई हैं. इसमें ब्लाउज, केप और स्कर्ट शामिल है. कुछ लोगों ने रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार के विज्ञापन में उनकी ड्रेस को सही नहीं बताया. विज्ञापन के एक सीन पर भी सवाल उठे.