Wednesday, 26 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कलेक्टर कार्यालय में शिकायत पर ग्रामीणों ने की मारपीट, CCTV:शिकायतकर्ता और परिजनों को घर में घुसकर पीटा

INT News26 August 2026 at 09:48 am

शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम करजू में कलेक्टर कार्यालय में शिकायत करने पर कुछ ग्रामीणों ने शिकायतकर्ता और उसके परिजनों के साथ मारपीट की। घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज बुधवार सुबह सामने आया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। करजू निवासी फरियादी कैलाश नारायण (58) ने पुलिस को बताया कि वह खेती-किसानी करता है। मंगलवार को कैलाश अपने भाई लक्ष्मीचंद, नाती देवेंद्र और अन्य किसानों के साथ खेत में पानी भरने से फसल खराब होने की शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय गए थे। इसी बात से नाराज होकर गांव के अर्जुन सिंह, बलवीर सिंह, सुरेंद्र, रमेशचंद्र, रवि, सुनील और अंकित शिकायतकर्ता के घर पहुंचे। शिकायत करने पर घर में घुसकर मारपीट फरियादी के अनुसार, आरोपियों ने घर में घुसकर शिकायत करने को लेकर विवाद किया और गाली-गलौज की। बलवीर सिंह ने कैलाश नारायण के साथ मारपीट कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया, जिससे उनके गले और कमर में चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए उनके भाई लक्ष्मीचंद के साथ सुनील सिंह ने मारपीट की, जिससे उनके दाहिने पैर के घुटने में चोट लगी। परिजनों और पड़ोसियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने दोबारा शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इसके बाद कैलाश अपने भाई और नाती के साथ थाने पहुंचे और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।