Wednesday, 26 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

हरदा में त्योहारों से पहले प्याज-शक्कर के दामों में उछाल:प्याज 50 और शक्कर 70 रुपए किलो तक पहुंची, बिगड़ा रसोई का बजट

INT News26 August 2026 at 09:41 am

हरदा में त्योहारी सीजन के बीच हरदा में प्याज और शक्कर के दामों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। प्याज के भाव पिछले 15 दिनों में करीब ढाई गुना तक बढ़ गए हैं। फुटकर बाजार में प्याज 50 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया है, जबकि थोक में इसके भाव 40 से 45 रुपए प्रति किलो चल रहे हैं। इसी तरह शक्कर भी महंगी हो गई है। फुटकर बाजार में शक्कर 70 रुपए प्रति किलो तक बिक रही है, जबकि थोक भाव करीब 65 रुपए प्रति किलो पहुंच गया है। अचानक बढ़े दामों का सीधा असर आम लोगों की रसोई के बजट पर पड़ रहा है। 15 दिन में प्याज के दाम 20 से बढ़कर 50 रुपए किलो व्यापारियों के मुताबिक करीब 15 दिन पहले प्याज लगभग 20 रुपए प्रति किलो बिक रहा था। अब इसकी कीमत बढ़कर 50 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है। यानी महज दो सप्ताह में प्याज के भाव में करीब 30 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। बाजार में प्याज की आवक कम होने और बाहर के बाजारों में मांग बढ़ने को इसकी प्रमुख वजह बताया जा रहा है। मांग की तुलना में आपूर्ति कम होने से प्याज के भाव लगातार बढ़ रहे हैं। थोक बाजार में भी प्याज महंगा हरदा के थोक बाजार में भी प्याज की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। वर्तमान में थोक भाव करीब 40 से 45 रुपए प्रति किलो है। थोक कीमत बढ़ने के बाद इसका असर फुटकर बाजार में भी दिखाई दे रहा है। व्यापारियों का कहना है कि यदि आवक में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में प्याज के भाव में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। शक्कर के दाम भी बढ़े प्याज के साथ शक्कर की कीमतों में भी तेजी आई है। करीब 15 दिन पहले शक्कर 40 से 42 रुपए प्रति किलो बिक रही थी। अब फुटकर बाजार में इसका भाव बढ़कर करीब 70 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया है। वहीं, थोक बाजार में शक्कर करीब 65 रुपए प्रति किलो बिक रही है। कम समय में शक्कर की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है। त्योहारों से पहले बढ़ी महंगाई की चिंता त्योहारों के दौरान घरों में खाद्य सामग्री की खपत बढ़ जाती है। ऐसे समय प्याज और शक्कर के दाम बढ़ने से परिवारों का मासिक बजट प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना है कि प्याज और शक्कर के अलावा तेल तथा अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में भी स्थिरता नहीं है। बढ़ती कीमतों के बीच लोगों को त्योहारों की खरीदारी और रोजमर्रा की जरूरतों के बीच बजट संतुलित करना मुश्किल हो रहा है। व्यापारियों ने बताई प्याज महंगा होने की वजह व्यापारी सादिक खान के मुताबिक देशभर में प्याज की मांग अधिक है, जबकि बाजार में इसकी आपूर्ति कम है। मांग और आपूर्ति के बीच अंतर बढ़ने के कारण प्याज की कीमतों में तेजी आई है। व्यापारियों का कहना है कि आवक सामान्य होने पर कीमतों में कुछ राहत मिल सकती है। जमाखोरी पर कार्रवाई की मांग बढ़ते भाव को लेकर आम लोगों ने सरकार और प्रशासन से बाजार की निगरानी बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्याज और अन्य जरूरी खाद्य पदार्थों की कीमतों पर नियंत्रण के लिए जमाखोरी और अनावश्यक मुनाफाखोरी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। त्योहारी सीजन में खाद्य सामग्री की मांग बढ़ने के बीच अब लोगों की नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में प्याज और शक्कर के दामों में राहत मिलती है या महंगाई का असर और बढ़ता है।