समाचार · मध्य प्रदेश
सतना में मकान से 61 लीटर शराब जब्त:एक आरोपी गिरफ्तार; सप्लायर फरार; देशी पाव और विदेशी व्हिस्की जब्त
सतना नागौद थाना पुलिस ने चटाई मोहल्ला स्थित एक मकान पर दबिश देकर 61 लीटर अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से गोपाल साहू उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। वहीं, शराब उपलब्ध कराने का आरोपी आदर्श सिंह निवासी बाबूपुर पाकर फरार है। पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चटाई मोहल्ला निवासी गोपाल साहू अपने घर में बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखे हुए है। सूचना पर पुलिस टीम ने उसके मकान में तलाशी ली। कमरे में प्लास्टिक की चार बोरियां और एक झोला मिला। इनमें देशी और अंग्रेजी शराब रखी थी। पुलिस ने 300 पाव प्रिंस देशी प्लेन और 45 पाव गोवा व्हिस्की जब्त की। शराब की कुल मात्रा 61 लीटर है। इसकी अनुमानित कीमत 32 हजार 850 रुपए बताई गई है। गोपाल साहू शराब से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पुलिस को नहीं दिखा सका। 11 हजार रुपए में खरीदी थी शराब पूछताछ में गोपाल साहू ने पुलिस को बताया कि उसने यह शराब 24 अगस्त को आदर्श सिंह निवासी बाबूपुर पाकर से 11 हजार रुपए में खरीदी थी। उसके अनुसार, आदर्श सिंह ही शराब उसके घर पहुंचाकर गया था। पुलिस ने गोपाल साहू के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। वहीं, पुलिस आदर्श सिंह की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, शराब कहां से लाई गई थी और इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।