Wednesday, 26 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

बाराबंकी में बाढ़ के बीच बच्ची की मासूम गुहार- ‘DM अंकल, हमारे घर की रोड बनवा दीजिए’, VIDEO वायरल

INT News26 August 2026 at 09:24 am

UP News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक छोटी बच्ची की मासूम अपील ने लोगों का ध्यान खींच लिया है. सड़क पर भरे पानी और बड़े-बड़े गड्ढों से परेशान बच्ची ने कैमरे के सामने जिलाधिकारी से सड़क बनवाने की गुहार लगाई. उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

‘DM अंकल, हमारे घर की रोड बनवा दीजिए’

वायरल वीडियो में बच्ची बेहद सहज अंदाज में डीएम से अपनी परेशानी बताती नजर आ रही है. वह कहती है, ‘डीएम अंकल हमारे घर की रोड बनवा दीजिए. बहुत बड़े गड्ढे हैं. पानी भर जाता है.’ बच्ची की बातों से साफ है कि बारिश के बाद सड़क पर पानी भरने और गड्ढों की वजह से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

‘बहुत बड़े-बड़े गड्ढे हैं, हम डूब गए थे’

बच्ची आगे अपनी परेशानी बताते हुए कहती है, ‘बहुत बड़े-बड़े गड्ढे हैं. हम डूब गए थे. पानी भर गया था.’ उसकी यही मासूम अपील अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. स्थानीय लोग बच्ची के इस अंदाज और अपनी समस्या को सामने रखने की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं. वायरल वीडियो बाराबंकी के कोतवाली नगर क्षेत्र में क्रिस्टल गार्डन के पास का बताया जा रहा है.

बारिश के बाद कई गांवों का शहर से संपर्क प्रभावित

बाराबंकी में भारी बारिश के बीच कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है. घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने से कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं. सामने आए वीडियो में कई जगह पूरा गांव पानी में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है. ऐसे हालात में ग्रामीणों के सामने आवागमन की समस्या भी बढ़ गई है और कई गांवों का शहर से संपर्क प्रभावित हुआ है.

किसी ने छोड़ा घर, तो कोई पानी के बीच रहने को मजबूर

बाढ़ का पानी गांवों में घुसने के बाद कई परिवारों को अपना आशियाना छोड़ना पड़ा है. वहीं, कुछ लोग दूसरे ठिकाने की व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी के बीच ही रहने को मजबूर हैं. पानी बढ़ने के कारण स्थानीय लोगों के लिए नाव ही सबसे बड़ा सहारा बनी हुई है. इसी नाव के जरिए लोगों तक भोजन, पानी और अन्य राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है.

प्रशासन की नजर बाढ़ प्रभावित इलाकों पर

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है. अधिकारियों की ओर से प्रभावित इलाकों का जायजा लिया जा रहा है और लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने का काम किया जा रहा है. इस बीच, सड़क के गड्ढों को लेकर बच्ची की डीएम से की गई अपील ने स्थानीय समस्या को एक बार फिर सामने ला दिया है. मासूम की यह अपील अब सोशल मीडिया पर तेजी से लोगों का ध्यान खींच रही है.

Also Read: आज 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कहीं गरज-चमक तो कहीं तेज हवाएं, जानें आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम