Tuesday, 18 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग:व्यापारी बोले- बस यात्रा महंगी, AC में बैठे जनप्रतिनिधि गूंगे, 6 सितंबर को लामता बंद करेंगे

INT News18 August 2026 at 06:58 pm

बालाघाट जिले के लामता में रेल सुविधाओं की अनदेखी को लेकर एक बार फिर लोगों का गुस्सा भड़क उठा है। क्षेत्रीय व्यापारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने मांगें पूरी न होने पर 6 सितंबर को लामता बंद, चक्काजाम और रेल रोको आंदोलन की चेतावनी दी है। इस संबंध में मंगलवार को तहसीलदार मयंक मिश्रा और स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव (स्टॉपेज) और पैसेंजर ट्रेनों को सही समय पर चलाने की मुख्य मांग रखी गई है। सरपंच हुलासमल कोचर और व्यापारी संघ ने बताया कि ठीक एक साल पहले, 30 जुलाई 2025 को भी इन्हीं मांगों को लेकर लामता बंद किया गया था। लेकिन प्रशासन और रेलवे की तरफ से कोई कदम न उठाए जाने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना व्यापारी प्रदीप जैन ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि "एसी कमरों में बैठे जनप्रतिनिधि जनता की परेशानियों पर गूंगे बने हुए हैं।" उन्होंने कहा कि लामता स्टेशन बैहर और मलाजखंड जैसे बड़े इलाकों के यात्रियों के लिए बेहद अहम है। एक्सप्रेस ट्रेनें न रुकने और ट्रेनों की अनिश्चितता के कारण लोगों को मजबूरी में महंगी बस यात्रा करनी पड़ रही है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। आवागमन का आसान साधन बनाने की मांग ग्रामीणों का कहना है कि लामता में ट्रेनों का समय सुधारा जाए और एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज दिया जाए, ताकि आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को सस्ता और सुलभ सफर नसीब हो सके। यदि 6 सितंबर से पहले इस पर कोई फैसला नहीं होता, तो पूरे क्षेत्र में उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।