Thursday, 8 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

दिल्ली के सीमापुरी में भरभराकर गिरी 4 मंजिला इमारत, बच्चा समेत 7 घायल; मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

INT News7 October 2026 at 08:48 pm

दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को 3.30 बजे अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 25 वर्ग गज के भूखंड पर बनी 4 मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई.पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबित, अब तक हादसे में तीन साल के बच्चे समेत 7 लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है. वहीं, मलबे में अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है. हादसे के बाद पुलिस, दमकल, एमसीडी और नागरिक सुरक्षा कर्मियों ने बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया है.

स्थानीय लोगों ने भी संभाला मोर्चा, हाथों से हटाया मलबा

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. घटनास्थल के वीडियो में लोग अपने हाथों से ईंट और मलबा हटाते नजर आ रहे हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, चार-पांच लोगों को उन्होंने खुद मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की.

जेसीबी और भारी मशीनों से हटाया जा रहा मलबा

बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए घटनास्थल पर जेसीबी समेत भारी मशीनरी लगाई गई है. मलबे और पत्थरों के बड़े ढेर को हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश की जा रही है. प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

सीमापुरी की ओर जाने वाली सड़कों से बचने की अपील

हादसे के बाद दिल्ली यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सीमापुरी क्षेत्र की ओर जाने वाली सड़कों का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है. सीमापुरी गोल चक्कर, डीएलएफ भोपुरा और आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है. राहत एवं बचाव अभियान के कारण इलाके में ट्रैफिक दबाव बढ़ गया है.

पिछले महीने सत्य निकेतन में भी हुआ था बड़ा हादसा

दिल्ली में इमारत ढहने का यह हादसा ऐसे समय हुआ है, जब पिछले महीने छह सितंबर को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में भी एक इमारत ढह गई थी. उस हादसे में सात लोगों की मौत हुई थी, जबकि 12 अन्य घायल हुए थे. सीमापुरी की घटना ने एक बार फिर दिल्ली में जर्जर और कमजोर इमारतों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

ये भी पढ़ें: Watch Video: प्रियंका को हटाने पहुंची पुलिस तो ढाल बने राहुल गांधी, भिड़ंत का वीडियो वायरल