Friday, 10 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बिना ओटीपी बताए खाते से उड़ गए 99 हजार:भिंड में दो ट्रांजेक्शन में पूरा अकाउंट खाली, मोबाइल पर आए थे दो मैसेज

INT News10 July 2026 at 09:22 pm

भिंड जिले के गोरमी थाना क्षेत्र के डिडौना गांव में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर ठग ने एक किसान के बैंक खाते से कुछ ही मिनटों में दो ट्रांजेक्शन कर 99 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित का कहना है कि उसने किसी के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक खाते की कोई गोपनीय जानकारी साझा नहीं की थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, डिडौना गांव निवासी रामप्रकाश पुत्र बाबूराम शर्मा का आईसीआईसीआई बैंक में खाता है। 11 मई 2026 की सुबह करीब 9:10 बजे उनके मोबाइल पर 39 हजार रुपये खाते से कटने का संदेश आया। वह इसे समझ पाते, इससे पहले ही 60 हजार रुपये का दूसरा ट्रांजेक्शन भी हो गया। कुछ ही मिनटों में खाते से कुल 99 हजार रुपये निकल गए। बिना ओटीपी दिए ही खाते से राशि कटी

राशि कटने की जानकारी मिलते ही रामप्रकाश ने बैंक से संपर्क किया। इसके बाद उन्होंने गोरमी थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति को ओटीपी, बैंक डिटेल या अन्य गोपनीय जानकारी नहीं दी थी, फिर भी उनके खाते से रकम निकाल ली गई। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे साइबर धोखाधड़ी मानते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन, तकनीकी साक्ष्यों और साइबर ट्रेल के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।