समाचार · हरियाणा
नरवाना NCC कैंप में कैडेट्स ने सीखी परेड-मैप रीडिंग:बैटल क्राफ्ट और ड्रोन संचालन की बारीकियां जानीं; एक्सटेंपोर स्पीच प्रतियोगिता हुई
जींद जिले में नरवाना के राजीव गांधी पॉलिटेक्निक संस्थान में आंध्र-हरियाणा एनसीसी बटालियन द्वारा 10 दिवसीय एनुअल ट्रेनिंग कैंप का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को इस कैंप के दौरान एनसीसी कैडेट्स को विभिन्न सैन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। इस कैंप का उद्देश्य कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और संचार कौशल विकसित करना है। सुबह 5:30 से 6:30 बजे तक कैडेट्स की परेड करवाई गई। इसमें सीनियर डिवीजन और सीनियर विंग के कैडेट्स ने हथियार के साथ ड्रिल का अभ्यास किया, जबकि जूनियर डिवीजन और जूनियर विंग के कैडेट्स को फुट ड्रिल का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही, कैडेट्स को नक्शा अध्ययन और मैप रीडिंग का भी अभ्यास करवाया गया। क्राफ्ट के सत्र में फील्ड सिग्नल के बारे में बताया हथियार प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को रेंज की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। बैटल क्राफ्ट और फील्ड क्राफ्ट के सत्र में कैडेट्स को फील्ड सिग्नल के बारे में बताया गया। उन्हें समझाया गया कि युद्ध जैसी परिस्थितियों में कमांडर किस प्रकार विभिन्न सिग्नलों के माध्यम से अपनी प्लाटून को आवश्यक निर्देश देते हैं। सेना में ड्रोन के उपयोग की जानकारी दी गई मेजर सुरेंद्र कुमार ने कैडेट्स को सोशल मीडिया के लाभ और हानियों के बारे में जागरूक किया और इसके जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल की सलाह दी। हवलदार राजेश ने ड्रोन संचालन तथा सेना में ड्रोन के उपयोग से संबंधित विस्तृत जानकारी कैडेट्स के साथ साझा की। एक्सटेंपोर स्पीच प्रतियोगिता करवाई गई कैडेट्स में आत्मविश्वास और संचार कौशल बढ़ाने के उद्देश्य से एक एक्सटेंपोर स्पीच प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। कैंप कमांडेंट कर्नल अजय कुमार, सेना मेडल एवं विशिष्ट सेवा मेडल ने कैडेट्स को प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया, जिसके परिणामस्वरूप कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।