national
चुनाव आयोग के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में इंडिया गठबंधन, 30 को हो सकती है दिल्ली में बैठक

इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) के घटक दल चुनाव आयोग और अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए 30 सितंबर को दिल्ली में बैठक करेंगे. यह जानकारी पीटीआई न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से दी है. विपक्ष चुनाव आयोग के मुद्दे पर एकजुट होकर सरकार पर हमले की तैयारी में है और इसी कोशिश के लिए इंडिया के घटक दल मिलकर बैठक करने वाले हैं.
इंडिया गठबंधन की बैठक उस वक्त हो रही है जब गरमाया हुआ है SIR का मुद्दा
देश में अभी कई ऐसे मुद्दे चर्चा में हैं, जिसने विपक्ष को सरकार पर हमला करने का अवसर दे दिया है. विपक्षी दल चुनाव आयोग की ओर से चलाए जा रहे SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर सवाल उठा रहे हैं. विपक्ष का कहना है कि इस प्रक्रिया में कई वैलिड मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं. विपक्ष यह मांग कर रहा है कि मतदाता सूची में किसी का नाम हटाने और दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं को लेकर चुनाव आयोग के काम में ट्रांसपरेसी हो ताकि वैलिड वोटर का नाम सूची से हटे. एसआईआर का मुद्दा पिछले कुछ राज्यों में हुए चुनाव के बाद से काफी चर्चा में है और विपक्ष इस प्रक्रिया पर सवाल उठा रहा है. बिहार और बंगाल में हुए चुनाव के वक्त से ही यह मुद्दा काफी विवादों में रहा है.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग हो रही है तेज
इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के देश में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग तेज हो गई है. रिपोर्ट मे यह दावा किया गया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार कुछ फैसलों और आदेशों पर लिखित आपत्ति दर्ज की थी. रिपोर्ट में ये आपत्तियां मतदाता सूची के पुनरीक्षण और उससे जुड़े फैसलों से संबंधित बताई गईं. चुनाव आयोग ने इन दावों के बीच कहा कि अलग-अलग विचार संस्थागत विचार-विमर्श का सामान्य हिस्सा हैं. उसके बाद से विपक्षी दलों की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए संसद के दोनों सदनों में नया प्रस्ताव लाने की तैयारी की खबरें हैं.
ये भी पढ़ें: नागालैंड में नकली शराब पीने से 19 लोगों की मौत, 1990 से लागू है शराबबंदी