समाचार · मध्य प्रदेश
भैंस चोरी के शक में चक्काजाम, 26 लोगों पर केस:अशोकनगर में अस्पताल जा रहे युवक को हुई परेशानी, 11 नामजद आरोपी
अशोकनगर के चंदेरी-ईसागढ़ रोड पर नयाखेड़ा गांव के पास चक्काजाम करना ग्रामीणों को भारी पड़ गया। सोमवार सुबह सड़क पर प्रदर्शन के चलते आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हुई। इसी दौरान अस्पताल जा रहे एक व्यक्ति को भी रास्ते में रुकना पड़ा। शिकायत के बाद चंदेरी थाना पुलिस ने 11 नामजद लोगों समेत 10 से 15 अन्य पुरुष-महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 से 10 बजे नयाखेड़ा गांव के पास ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया था। इससे चंदेरी-ईसागढ़ और अशोकनगर रोड पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसी दौरान अस्पताल जा रहे छोटे राजा प्रजापति को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। छोटे राजा प्रजापति ने चक्काजाम को लेकर पुलिस में शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोमवार शाम केस दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक, सड़क से गुजरने वाले लोगों को हुई परेशानी को शिकायत का आधार बनाया गया है। 11 लोगों के नाम दर्ज, 10-15 अन्य भी आरोपी चंदेरी पुलिस ने हरनाम सिंह लोधी, नीलम सिंह लोधी, नेपाल सिंह लोधी, कृष्णकांत लोधी, उजागर लोधी, प्रकाश लोधी, कैलाश सिंह पाल, अनीश लोधी, ऋषभ लोधी, सीताराम लोधी और रौनक अहिरवार के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है। इनके अलावा 10 से 15 अन्य पुरुष और महिलाओं को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। भैंस चोरी के शक में दो लोगों को पकड़ा था दरअसल, नयाखेड़ा गांव में भैंस चोरी के शक में ग्रामीणों ने दो लोगों को पकड़ लिया था। वहीं, एक व्यक्ति मौके से भाग गया था। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर पहुंच गए और ऐसी घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया था। पुलिस अब चक्काजाम और पूरे घटनाक्रम को लेकर जांच कर रही है।