समाचार · मध्य प्रदेश
5 अक्टूबर को हरसूद आएंगे CM मोहन यादव:सड़क, सिंचाई परियोजनाओं का भूमिपूजन-लोकार्पण होगा; 52 गढ़ों के राजवंशों के वंशज होंगे शामिल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 5 अक्टूबर को हरसूद आएंगे। वे यहां आयोजित राज्य स्तरीय रानी दुर्गावती जयंती समारोह में शामिल होंगे। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में किए गए और प्रस्तावित विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में गोंड राजघरानों के 52 गढ़ों के वंशजों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री के दौरे और रानी दुर्गावती जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने सोमवार को कलेक्टर ऋषव गुप्ता, एसपी अगम जैन, जिला पंचायत सीईओ ऐश्वर्या वर्मा सहित विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी ली। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन और आयोजन स्थल की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। 3 से 5 अक्टूबर तक होंगे कार्यक्रम
रानी दुर्गावती जयंती के तहत हरसूद में तीन दिन तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 3 अक्टूबर को आदिवासी संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम, 4 अक्टूबर को विशाल भजन संध्या और 5 अक्टूबर को 52 गढ़ों के राजवंशों के वंशजों की शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद सेवा संकल्प अभियान की सभा होगी, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव संबोधित करेंगे। 52 गढ़ों के वंशजों को बुलावा
आयोजन में गोंड राजघरानों के 52 गढ़ों के वंशजों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जा रहा है। इन्हें रानी दुर्गावती जयंती समारोह में सम्मान के साथ शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल को भी इसी थीम के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। 5 अक्टूबर को इन वंशजों की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। कई विकास कार्यों का रोडमैप
समीक्षा बैठक में मंत्री विजय शाह ने हरसूद शहर के विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए बताया कि शहर में करीब 7 करोड़ रुपए की लागत से 60 किलोमीटर सड़क निर्माण, करीब 6.85 करोड़ रुपए की लागत से 100 मीटर मल्टीपर्पज हॉल, करीब 6.78 करोड़ रुपए की लागत से विज्ञान लैब और अतिरिक्त कक्ष सहित विभिन्न कार्य प्रस्तावित हैं। हरसूद और खालवा में भी करीब 25-25 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य किए जाने की जानकारी बैठक में दी गई। इसके अलावा क्षेत्र में बहुउद्देश्यीय ऑडिटोरियम, सिंचाई परियोजनाओं और अन्य विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन की तैयारियों की समीक्षा की गई। शक्तिमाता मंदिर के पास बनेगा ऑडिटोरियम
हरसूद में मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान करीब 25 करोड़ रुपए की लागत वाले सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम की आधारभूमि रखे जाने की भी तैयारी है। इसके लिए वार्ड क्रमांक 1 में शक्तिमाता मंदिर के पास करीब 5 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। मंत्री विजय शाह ने बताया कि ऑडिटोरियम स्थल को शहर के लिए सुविधाजनक स्थान पर तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही बाजार क्षेत्र में करीब 400 दुकानों के निर्माण तथा महिला सुविधाओं से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को सभी कार्यों की तैयारियां समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए। सिंचाई परियोजना का होगा लोकार्पण
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में कई विकास कार्यों को कार्यक्रम से जोड़ा गया है। इनमें करीब 482 करोड़ रुपए की लागत वाली 36 ग्रामों की सिंचाई परियोजना, करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से अन्य पहुंच मार्गों का भूमिपूजन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गृह प्रवेश, पट्टों का वितरण और स्वामित्व योजना के पात्र नागरिकों को लाभ दिलाने जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने विभागवार जिम्मेदारियां तय कर तैयारियां शुरू कर दी हैं।