समाचार · हरियाणा
पानीपत में फ्यूल पंप पर ठगी:पुलिस का स्टीकर लगी कार में 30 लीटर पेट्रोल भरवाया, बिना पेमेंट दिए हुआ चालक फरार
पानीपत के इसराना स्थित गुरु नानक फिलिंग स्टेशन पर एक अजीबोगरीब ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस का लोगो लगी एक सफेद i-20 कार में आए चालक ने 30 लीटर पेट्रोल भरवाया। जिसकी पेमेंट 3 हजार 70 रुपए बनी। इसके बाद कार चालक ऑनलाइन पेमेंट करने का बहाना बनाकर कार स्टार्ट कर मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पेट्रोल पंप संचालक ने स्थानीय थाना पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। ऑनलाइन पेमेंट का बनाया बहाना, मशीन उठाते ही भगा ली गाड़ी घटना 21 सितंबर की दोपहर करीब 2 बजकर 51 मिनट की बताई जा रही है। पीछा किया लेकिन हाथ नहीं आया आरोपी घटना के तुरंत बाद पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने कुछ दूरी तक कार का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी चालक गाड़ी को तेज गति से भगाकर गायब हो गया। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें पुलिस के लोगो वाली गाड़ी और चालक की हरकतें साफ नजर आ रही हैं। पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप पेट्रोल पंप संचालक डॉ. तरुण का कहना है कि उन्होंने घटना की लिखित शिकायत और सीसीटीवी फुटेज इसराना थाना पुलिस को दे दी है, लेकिन पुलिस की ओर से मामले में अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। फिलहाल, पीड़ित पक्ष ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने और फर्जी तरीके से पुलिस का लोगो लगाकर घूम रहे ठग कार चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।