Tuesday, 22 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

टाटा स्टील में रॉ मैटेरियल बुकिंग होगी पूरी तरह ऑटोमेटेड, 2027 तक SAP से जुड़ेगा पूरा सिस्टम

INT News22 September 2026 at 09:54 am

जमशेदपुर: टाटा स्टील ने अपने विभिन्न प्लांट्स में रॉ मैटेरियल कंजम्पशन की दैनिक बुकिंग प्रक्रिया को पूरी तरह ऑटोमेटेड बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने 31 मार्च 2027 तक SAP में रॉ मैटेरियल कंजम्पशन बुकिंग के 100 प्रतिशत ऑटोमेशन का लक्ष्य तय किया है.

फिलहाल कोक प्लांट, एग्लोमरेशन, ब्लास्ट फर्नेस और स्टील मेकिंग के कुछ क्षेत्रों में SAP पर रॉ मैटेरियल की बुकिंग पूरी तरह ऑटोमेटेड नहीं है. इस व्यवस्था को बदलने और ऑटोमेशन का एक्शन प्लान तैयार करने के लिए कंपनी ने क्रॉस-लोकेशन कमेटी का गठन किया है. इसके दायरे में टाटा स्टील जमशेदपुर, टाटा स्टील कलिंगानगर, टाटा स्टील मेरामंडली और टाटा स्टील गम्हरिया शामिल होंगे.

दो चरणों में पूरा होगा ऑटोमेशन

कंपनी की योजना को दो चरणों में लागू किया जायेगा. पहले चरण में मौजूदा यानी AS-IS आर्किटेक्चर का अध्ययन किया जायेगा और ऑटोमेशन के लिए एक्शन प्लान तैयार किया जायेगा. दूसरे चरण में स्वीकृत एक्शन प्लान को लागू किया जायेगा. इसमें सेंसर-टू-SAP इंटीग्रेशन भी शामिल होगा.

ऑटोमेशन की पूरी प्रक्रिया की निगरानी और मार्गदर्शन के लिए स्टीयरिंग कमेटी का गठन किया गया है. इसके चेयरपर्सन वीपी ऑपरेशंस (कलिंगानगर) उत्तम सिंह होंगे.

स्टीयरिंग कमेटी में अमित कुमार सिंह (चीफ आयरन एंड स्टील, मेरामंडली), अनिल कुमार सिंह हर्षाना (चीफ लॉजिस्टिक्स), अरविंद नाथ राय (चीफ कोक प्लांट्स), ज्ञान प्रकाश (चीफ प्रोसेस ऑटोमेशन एंड डिजिटल एमई), प्रदीप कुमार बल (चीफ बिजनेस फाइनेंस एंड एनालिटिक्स), सुभाष कुमार सिन्हा (चीफ आयरन मेकिंग, कलिंगानगर) और सुरजीत सिन्हा (चीफ एग्लोमरेट्स एंड आयरन, जमशेदपुर) शामिल हैं.

विकास श्रीवास्तव को टास्क फोर्स की जिम्मेदारी

योजना को धरातल पर उतारने और इसके क्रियान्वयन के लिए टास्क फोर्स कमेटी भी बनायी गयी है. इसके लीडर चीफ डेटा ऑफिसर विकास श्रीवास्तव होंगे, जबकि हेड डेटा ऑफिस हरि दर्शन सिंह को संयोजक बनाया गया है.

सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन के कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार परियोजना की प्रगति की समीक्षा स्टीयरिंग कमेटी हर महीने करेगी. कंपनी का लक्ष्य 31 मार्च 2027 तक SAP में रॉ मैटेरियल कंजम्पशन बुकिंग की पूरी प्रक्रिया को 100 प्रतिशत ऑटोमेटेड करना है.