समाचार · मध्य प्रदेश
छतरपुर में 200 साल पुराने ब्रह्मदेव मंदिर में चोरी:20 प्रतिमाएं ले गए बदमाश; अष्टधातु की बाल रामलला मूर्ति भी ले गए चोर
छतरपुर जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र में चोरों ने करीब 200 साल पुराने ब्रह्मदेव मंदिर को निशाना बनाया। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात चोर मंदिर से बाल स्वरूप में विराजे रामलला की अष्टधातु की मूर्ति समेत छोटी-बड़ी करीब 20 प्रतिमाएं चोरी कर ले गए। मंगलवार सुबह चोरी का पता चलने के बाद इलाके में हलचल मच गई। यह घटना मातगुवां थाना क्षेत्र में सागर-छतरपुर रोड पर स्थित ब्रह्मदेव मंदिर में हुई है। बताया गया है कि मंदिर में रामलला की मूर्ति करीब 200 साल से स्थापित थी। चोर मंदिर में घुसने के बाद रामलला की मूर्ति और दूसरी प्रतिमाएं लेकर भाग गए। दो दिनों में दूसरी चोरी की घटना
जिले में लगातार चोरी की घटनाओं से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पिछले दो दिनों में यह चोरी की दूसरी घटना है। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद चोर पुलिस को चुनौती देते दिख रहे हैं। घटना की खबर मिलते ही मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मंदिर की जांच कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के इलाके में शक के आधार पर लोगों की तलाश और चोरी हुई मूर्तियों के बारे में जानकारी इकट्ठी की जा रही है।