समाचार · छत्तीसगढ़
पुरानी रंजिश में सो रहे व्यक्ति पर चाकू से हमला:सुकमा में 10 दिन बाद आरोपी गिरफ्तार, घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद
सुकमा के गौड़पल्ली में पुरानी रंजिश के चलते घर के आंगन में बनी झोपड़ी में सो रहे एक व्यक्ति पर धारदार चाकू से प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने करीब 10 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल हथियार और मोबाइल भी बरामद किया गया है। रात 3 बजे झोपड़ी में घुसकर किया हमला घटना 24-25 सितंबर की दरमियानी रात करीब 3 बजे गौड़पल्ली गांव में हुई। डोडी कन्ना घर के आंगन में बनी झोपड़ी में सो रहा था। इसी दौरान उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर बेटा डोडी अशोक जाग गया। पेट, कलाई और पीठ पर लगी चोट अशोक ने बाहर निकलकर देखा तो एक व्यक्ति उसके पिता के साथ मारपीट कर रहा था। उसे अपनी ओर आता देख आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। हमले में डोडी कन्ना के पेट के बाएं हिस्से, बाएं हाथ की कलाई, कंधे के पास बांह और पीठ में धारदार हथियार से चोटें आईं। घायल को तत्काल अस्पताल ले जा कर इलाज कराया गया। महुआ शराब में दवा मिलाने के शक से थी रंजिश पुलिस जांच में सामने आया कि करीब दो साल पहले महुआ शराब में पेट फूलने की दवाई मिलाकर देने के संदेह को लेकर आरोपी के मन में डोडी कन्ना के प्रति रंजिश थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते हमला किए जाने की बात जांच में सामने आई है। घटना के दौरान डोडी चेतु का एंड्रॉयड मोबाइल भी आरोपी ले गया था। 5 अक्टूबर को गिरफ्तार, जेल भेजा पुलिस ने मामले में कारस सुक्का (34), निवासी गौड़पल्ली को 5 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 118(2), 331(4) और 305(क) के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल हथियार और मोबाइल बरामद किया गया है।