Sunday, 5 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · बिहार

5,6,7,8,9,10,11 जुलाई तक गरज-चमक के साथ बारिश, 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी तूफानी हवा

INT News5 July 2026 at 04:25 pm

Heavy Rain Warning: मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 5 से 6 जुलाई के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है, जबकि 7 से 11 जुलाई तक अधिकांश क्षेत्रों में भार बारिश हो सकती है. आईएमडी के मुताबिक इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंकों की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने सबसे ज्यादा बारिश 6 से 8 जुलाई के दौरान होने की संभावना जाहिर की है. वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 5 से 11 जुलाई तक भारी बारिश होने का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश में 5 जुलाई से लेकर 11 जुलाई के दौरान भारी बारिश, जबकि 6 से 7 जुलाई को बहुत भारी बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में 7 से 11 जुलाई के दौरान भारी बारिश और 5 और 6 जुलाई को बहुत भारी वर्षा हो सकती है.

दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में मानसून रहेगा सक्रिय

मैदानी इलाकों की बात करें तो हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 5-6 जुलाई से लेकर 10 जुलाई तक बारिश की संभावना है. 7 से 9 जुलाई और 11 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा इन राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की संभावना है. मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, आगरा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य इलाकों में 5 से 8 जुलाई तक बारिश की संभावना है. वहीं, गोरखपुर, वाराणसी, आजमगढ़, अयोध्या, बस्ती, मिर्जापुर, इलाहाबाद

समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 से 7 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है.

राजस्थान में आगामी दिनों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर, नागौर, चूरू समेत पश्चिमी राजस्थान में 5 से 11 जुलाई तक और भरतपुर, अलवर, धौलपुर, सवाई माधौपुर, जयपुर, दौसा, टोंक समेत अन्य पूर्वी राजस्थान के इलाकों में 5 और 11 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. दोनों हिस्सों (पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान) में 5 से 11 जुलाई तक गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भारी बारिश की चेतावनी (Monsoon Rain Alert)

मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में 5 से 10 जुलाई तक बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक धार, बड़वानी, बैतूल, नीमच, मंदसौर, उज्जैन, इंदौर, खरगोन, छिंदवाड़ा, सिवनी, कटनी, पन्ना समेत कई और जिलों में भारी से लेकर बहुत भारी बारिश की संभावना है. जबकि छत्तीसगढ़ में 5 से 6 जुलाई और 11 जुलाई को अधिकांश इलाकों में बारिश का अनुमान है, वहीं 7 से 10 जुलाई के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. मध्य प्रदेश के कई इलाकों में 5 से 9 जुलाई तक गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. विदर्भ में 5 जुलाई को तेज हवाओं और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है.

बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 11 जुलाई तक बारिश (Bihar Rain Alert)

मौसम विभाग के मुताबिक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 5 से 11 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है. ओडिशा में 5 से 7 जुलाई के दौरान कुछ इलाकों में जोरदार बारिश हो सकती है. जबकि 8 से 11 जुलाई के दौरान बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है. बिहार के मौसम की बात करें तो इस पूरे सप्ताह कई स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है. झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल में अलग-अलग दिनों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. झारखंड में 5 से 8 जुलाई, बिहार में 6 से 8 जुलाई और 11 जुलाई, ओडिशा में 5 और 7 से 8 जुलाई के दौरान भारी बारिश की संभावना है.

पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश का अलर्ट (Monsoon Alert)

आईएमडी के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में 5 से 6 जुलाई को बारिश होने की संभावना है, जबकि 7 से 11 जुलाई तक भारी वर्षा जारी रह सकती है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 से 11 जुलाई तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होने का अनुमान है. इन राज्यों में अलग-अलग दिनों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चल सकती हैं. अरुणाचल प्रदेश में 6 से 11 जुलाई और असम-मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम औऱ त्रिपुरा में 5 से 11 जुलाई के दौरान भारी बारिश की संभावना है.

महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भारी बारिश का दौर (Rain Warning)

कोंकण-गोवा में 5 से 11 जुलाई, मध्य महाराष्ट्र में 5 से 8 जुलाई, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में 5 से 6 जुलाई और गुजरात क्षेत्र में 5 से 9 जुलाई तक भारी बारिश होने का अनुमान है. गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और सौराष्ट्र-कच्छ में 5 से 6 जुलाई के दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं. कोंकण-गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और सौराष्ट्र-कच्छ के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. 5 से 7 जुलाई के दौरान कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है.

दक्षिण भारत में भी मानसून रहेगा मेहरबान

दक्षिण भारत के मौसम की बात करें तो तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप के कई हिस्सों में 5 से 11 जुलाई के दौरान छिटपुट से मध्यम बारिश होने की संभावना है. जबकि तटीय कर्नाटक और केरल में पूरे सप्ताह भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. केरल, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना और कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

इन खबरों को भी पढ़ें

मौसम: झारखंड में होगी भारी बारिश, इन राज्यों के लिए भी IMD ने जारी किया अलर्ट

बिहार में मानसून हुआ मेहरबान, कल इन जिलों में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी