समाचार · झारखंड
रूपी सोरेन के निधन से पैतृक गांव नेमरा में शोक, भतीजी बोलीं- चाची सोहराय में आने वाली थीं

रामगढ़: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन के निधन की खबर पैतृक आवास नेमरा पहुंचते ही परिवार के लोग मर्माहत हो गये. रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड के नेमरा गांव स्थित पैतृक आवास में रूपी सोरेन की गौतनी दीपमणी, भतीजी रेखा सोरेन और परिवार के सदस्य मौजूद हैं. रेखा सोरेन को दूरभाष पर चाची रूपी सोरेन के निधन की खबर सबसे पहले घर में मिली. इसके बाद परिवार के सभी सदस्य घर के बरामदे में आकर एक जगह बैठ गये. आसपास के गांव के लोग भी पैतृक गांव के घर में पहुंचने लगे हैं. सभी लोग काफी भावुक होकर घर पहुंच रहे हैं.
भतीजी रेखा सोरेन ने बताया कि चाची का प्यार और स्नेह हमेशा मिलता था. अंतिम बार चाची शिबू सोरेन की प्रतिमा अनावरण के समय नेमरा आवास में आयी थीं.
चाची रूपी सोरेन ने कहा था- सोहराय में नेमरा आएंगे
रेखा सोरेन ने बताया कि बाबा शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर चार अगस्त को चाची रूपी सोरेन नेमरा घर पर आयी थीं. हम लोग मिले थे. चाची बोली थीं कि सोहराय में फिर आएंगी. बचपन से चाचा शिबू सोरेन के साथ रहने के कारण हमेशा लगाव रहा है. चाची हमें खूब प्यार करती थीं.