समाचार · मध्य प्रदेश
गुना में छात्राओं की बोतल में भर दिया यूरीन:क्लास के लड़कों ने की हरकत; प्राचार्य ने कहा- मुंह खराब हो गया तो चॉकलेट खा लो
गुना के आरोन में एक सरकारी स्कूल के कक्षा 5वीं में पढने वाली दो 10 छात्राओं की पानी की बोतल में कक्षा के शरारती छात्रों ने मूत्र मिला दिया। छात्राएं क्लास से बाहर रंगोली बनाने गईं थी, इसी दौरान यह हरकत की गई। छात्राएं जब लौटी तो उसी बोतल से पानी पी लिया। इस अमानवीय कृत्य के बाद जब मासूम छात्राएं रोते-बिलखते प्राचार्य के पास शिकायत लेकर पहुंचीं, तो प्राचार्य ने कहा कि 'मुंह खराब हो गया हो तो 10-10 वाली चॉकलेट खा लो। परिजनों ने स्कूल में जड़ा ताला
घटना सोमवार की है, पीड़ित छात्राओं ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को दी, तो उनका खून खौल उठा। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया। विरोध दर्ज कराते हुए परिजनों ने स्कूल में ताला जड़ दिया और दोषी छात्रों और ढुलमुल रवैया अपनाने वाली प्राचार्या के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। एसडीएम ने तहसीलदार और बीईओ को जांच के लिए भेजा
हंगामा बढ़ता देख स्कूल परिसर में हडक़ंप मच गया और आनन-फानन में प्रशासनिक अमले को इसकी सूचना दी गई। मामले की गंभीरता और स्थिति के तनावपूर्ण होते ही आरोन एसडीएम मंजूषा खत्री ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने तहसीलदार और बीईओ को फौरन मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने के निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और पीडि़त छात्राओं, उनके परिजनों तथा आरोपी छात्रों के विस्तृत बयान दर्ज किए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीएम मंजूषा खत्री ने बीईओ को पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर आगामी दो दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। प्राचार्य को भी नोटिस जारी
इस मामले में SDM मंजूषा खत्री ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तहसीलदार और बीईओ को भेजा है। देा दिन में बीईओ जांच करके रिपोर्ट देंगे, उसके बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथी ही प्राचार्य को भी नोटिस जारी किया गया है।