समाचार · पंजाब
जगराओं में घेरकर युवक को गोली मारी:कपड़े खरीदकर गांव जा रहा, चार युवकों ने रोका, आरोपियों पर FIR दर्ज
जगराओं के सिधवां बेट थाना क्षेत्र के गांव शेरेवाल में गुरुद्वारा साहिब के पास चार लोगों ने एक युवक को घेरकर गोली मार दी। गोली युवक के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गिद्दड़विंडी पुलिस चौकी के इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर राजवरिंदर पाल सिंह ने बताया कि गांव बहादुरके निवासी बलराज सिंह उर्फ बाजी ने पुलिस को शिकायत दी है। बलराज ने बताया कि वह अपने मौसी के बेटे अर्शदीप सिंह के साथ सिधवां बेट से कपड़े खरीदकर गांव कनिया हुसैनी जा रहा था। आरोपियों ने रोक कर की गाली-गलौज जब दोनों गांव शेरेवाल स्थित गुरुद्वारा साहिब के पास पहुंचे, तो गांव बाघियां निवासी मनजीत सिंह उर्फ मद्दी, रोबिन उर्फ रवि, गांव तिहाड़ा निवासी जसप्रीत सिंह और गांव शेरेवाल निवासी रवि ने उन्हें रोक लिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब बलराज सिंह ने गाली- गलौज का विरोध किया, तो आरोप है कि रोबिन उर्फ रवि ने पिस्तौल निकालकर उस पर फायर कर दिया। गोली बलराज सिंह के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने बलराज सिंह की शिकायत पर मनजीत सिंह उर्फ मद्दी, रोबिन उर्फ रवि, जसप्रीत सिंह और रवि के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और गोली चलाने के कारणों की जांच कर रही है।