Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

entertainment

Mushtaq Khan Final Moments: "समझने का मौका भी नहीं मिला..." आखिरी पलों में कैसा था मुश्ताक खान का हाल? बेटे ने नम आंखों से बयां किया दर्द

INT News25 September 2026 at 05:56 pm

Mushtaq Khan Final Moments: 'वेलकम', 'हेरा फेरी' और 'स्त्री 2' जैसी फिल्मों में अपनी कमाल की कॉमेडी से सबको हंसाने वाले दिग्गज एक्टर मुश्ताक खान अब हमारे बीच नहीं हैं. 24 सितंबर को 56 साल की उम्र में कैंसर की वजह से उनका निधन हो गया था, जिसके बाद मुंबई के वर्सोवा कब्रिस्तान में नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई. पूरा बॉलीवुड और उनके फैंस इस गहरे सदमे से अभी उबर भी नहीं पाए हैं कि अब एक्टर के बेटे मोहसिन खान ने मीडिया के सामने आकर अपने पिता के आखिरी पलों का दर्द बयां किया है. मोहसिन ने बताया कि दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कहने से ठीक पहले उनके पिता की हालत कैसी थी और वो किस तरह मुस्कुराते हुए इस दुनिया से रुखसत हुए.

'जब तक हम कुछ समझ पाते, तब तक वो हमें छोड़कर चले गए'

अंतिम संस्कार के बाद मुश्ताक खान के बेटे मोहसिन खान ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि उनके पिता को पहले लंग कैंसर हुआ था और वो इलाज के बाद ठीक भी हो गए थे. लेकिन आठ दिन पहले अचानक उनका कैंसर दोबारा लौट आया और बेहद तेजी से आखिरी स्टेज पर पहुंच गया. बीमारी ने इतनी तेजी से हमला किया कि डॉक्टरों या परिवार को संभलने का जरा भी मौका नहीं मिला.

मोहसिन ने नम आंखों से कहा,

"वो पिछले कुछ महीनों से परेशान थे, लेकिन जब उनका अंत आया, तो वो बिल्कुल शांत थे. उन्होंने मुस्कुराते हुए ही इस दुनिया को अलविदा कहा. कैंसर पहली स्टेज पर था, लेकिन देखते ही देखते बहुत तेजी से बढ़ गया और कब आखिरी स्टेज पर पहुंच गया, पता ही नहीं चला. जब तक हम कुछ समझ पाते, तब तक वो हमें छोड़कर चले गए. पर सुकून इस बात का है कि वो हंसते-हंसते गए."

ये भी पढ़ें: Mushtaq Khan Death: नहीं रहे 'वेलकम' के बलू! Actor मुश्ताक खान का निधन, ICU में चल रही थी जिंदगी की जंग

अंतिम विदाई देने बॉलीवुड के कई बड़े सितारे पहुंचे

मुश्ताक खान के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था, जहां फिल्म इंडस्ट्री से उनके पुराने साथियों ने आकर श्रद्धांजलि दी. राजपाल यादव, रजत बेदी, अरुणा ईरानी, सुलभा आर्य, अनंग देसाई और शरद मल्होत्रा जैसे कई कलाकार जनाजे में शामिल हुए. वहीं सोशल मीडिया पर सनी देओल, अनुपम खेर और डायरेक्टर अनीस बज्मी ने भी भावुक पोस्ट लिखकर अपने इस चहेते को-स्टार को याद किया.