Friday, 28 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

रतलाम-झाबुआ मार्ग पर ग्रामीणों का प्रदर्शन:निर्माण में देरी, हादसों से आक्रोश; 40 मिनट तक थमा यातायात

INT News28 August 2026 at 08:37 pm

रतलाम-झाबुआ मार्ग के निर्माण कार्य में अत्यधिक देरी और लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों के विरोध में अन्तरवेलिया क्षेत्र के ग्रामीणों और युवाओं ने प्रदर्शन किया। शुक्रवार शाम 5 बजे निनामा पेट्रोल पंप के पास 30 से अधिक युवाओं ने सड़क पर बैठकर विरोध जताया। यह प्रदर्शन करीब 40 मिनट तक चला, जिसके कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारियों ने एंबुलेंस और छोटे वाहनों को निकलने दिया, लेकिन बड़े वाहन मार्ग से नहीं गुजर पाए। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, युवा निर्माण कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाने और बंद पड़े निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करवाने की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीण सोनू रामपाल ने बताया कि मार्ग का निर्माण कार्य लंबे समय से रुका हुआ है, जिससे आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं। 15 दिन में मार्ग पूरा करने का आश्वासन दिया स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, निर्माण कंपनी के जनरल मैनेजर अवनीश शर्मा ने पेट्रोल पंप से पुलिस चौकी तक के लगभग एक किलोमीटर हिस्से को अगले 15 दिनों के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद ही प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात सुचारू हो सका। प्रदर्शन की अन्य तस्वीरें…