entertainment
भैंस पर Batman, पीछे माधुरी का 27 साल पुराना गाना! 'साजन साजन' पर फिदा हुआ इंटरनेट

कभी भैंस की सवारी, कभी गांव की गलियों में जोकर का पीछा और बैकग्राउंड में माधुरी दीक्षित का रोमांटिक गाना 'साजन साजन'. सोशल मीडिया पर इन दिनों Batman का ऐसा देसी अवतार वायरल है, जिसे देखकर लोग अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे. 1999 में रिलीज हुआ यह गाना 27 साल बाद अचानक फिर चर्चा में आ गया है. इसकी वजह है एक AI क्रिएटर का अनोखा प्रयोग.
सोशल मीडिया पर इन दिनों Batman और Joker की ऐसी भिड़ंत देखने को मिल रही है, जिसकी कल्पना शायद ही किसी ने की होगी. इस बार Batman न तो Batmobile में नजर आ रहा है और न ही किसी आलीशान गाड़ी में. वह गांव की पगडंडियों पर कभी साइकिल तो कभी भैंस पर सवार होकर Joker का पीछा कर रहा है. इन वीडियो की सबसे दिलचस्प बात है उनका बैकग्राउंड म्यूजिक, जिसमें माधुरी दीक्षित का मशहूर गाना 'साजन साजन तेरी दुल्हन' सुनाई देता है.
किसने बनाया देसी Batman का वायरल वीडियो?
इस अनोखे ट्रेंड के पीछे बेंगलुरु के AI क्रिएटर सुजल जैसवार का नाम है. वह 'Desi Batman' सीरीज के जरिए सुपरहीरो को भारतीय माहौल में दिखा रहे हैं. उनके वीडियो में Batman रेलवे ट्रैक के पास टूथब्रश करता दिखाई देता है. वहीं Joker ऑटो रिक्शा चलाता है और एक बच्चे को लॉलीपॉप का लालच देकर अगवा कर लेता है.
जब Batman को बच्चे के गायब होने का पता चलता है, तो वह अपना सुपरहीरो वाला सूट पहनता है और भैंस पर सवार होकर Joker की तलाश में निकल पड़ता है. आखिरकार दोनों का आमना-सामना होता है और Batman बच्चे को बचा लेता है. सुजल के इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर 1.4 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिलने की खबर है.
27 साल पुराना गाना फिर क्यों हो रहा वायरल?
अब बात उस गाने की, जिसने इस पूरे ट्रेंड को और मजेदार बना दिया है. 'साजन साजन तेरी दुल्हन' साल 1999 में आई फिल्म 'आरजू' का गाना है. फिल्म में माधुरी दीक्षित, अक्षय कुमार और सैफ अली खान नजर आए थे.
इस गाने को अलका याग्निक ने अपनी आवाज दी थी. इसके बोल आनंद बख्शी ने लिखे थे और संगीत अनु मलिक ने तैयार किया था. असल में यह एक रोमांटिक गाना है, लेकिन Batman के एक्शन और देसी अंदाज के साथ इसका इस्तेमाल लोगों को खूब पसंद आ रहा है.
Amazon Music India भी ट्रेंड में हुआ शामिल
यह ट्रेंड इतना लोकप्रिय हुआ कि Amazon Music India ने भी इसमें अपना अंदाज जोड़ दिया. प्लेटफॉर्म ने माधुरी दीक्षित के ओरिजिनल गाने का वीडियो शेयर किया और मजाकिया कैप्शन में लिखा कि Batman को भी एक्शन में उतरने से पहले अपने हाइप सॉन्ग की जरूरत होती है.
इसके बाद दूसरे सोशल मीडिया यूजर्स भी इसी गाने पर Batman के एडिट बनाने लगे. यानी जिस गाने को लोग कभी माधुरी दीक्षित के रोमांटिक अंदाज के लिए याद करते थे, वह अब देसी Batman का अनऑफिशियल एंथम बन गया है.
कभी-कभी सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए बड़े बजट या बड़े सितारों की जरूरत नहीं होती. बस एक पुराना गाना, AI का कमाल और थोड़ा सा देसी तड़का ही काफी होता है.
ये भी पढ़ें: सरोज खान के गुस्से से सहम गए थे करण जौहर, DDLJ की शूटिंग के दौरान का है किस्सा