समाचार · मध्य प्रदेश
मंडला में पेट्रोल पंप पर हथियारबंद डकैती का VIDEO:स्कॉर्पियो से आए नकाबपोश बदमाश; कट्टा दिखाकर कर्मचारियों को धमकाया, 93,875 रुपए लूटकर भागे
मंडला जिले के मनेरी चौकी क्षेत्र में निवास-बरेला मार्ग स्थित अतुलित पेट्रोल पंप पर सोमवार सुबह हथियारबंद बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया।नीले रंग की स्कॉर्पियो से आए 6 से 7 नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर कुल 93,875 रुपए की नकदी लूट ली। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी बदमाशों की तलाश कर रही है। कर्मचारियों को हथियार दिखाकर की लूटपाट जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 2:30 बजे की है। एक स्कॉर्पियो पेट्रोल पंप पर आकर रुकी, जिसकी आगे की नंबर प्लेट नहीं थी और पीछे की नंबर प्लेट ढंकी हुई थी। वाहन से 6 से 7 नकाबपोश युवक उतरे और पेट्रोल पंप पर मौजूद दो कर्मचारियों को हथियार दिखाकर धमकाने लगे। बदमाशों के हाथों में हथियार देखकर एक कर्मचारी मौके से भाग गया, जबकि दूसरे कर्मचारी को उन्होंने पकड़ लिया। बदमाशों ने उस कर्मचारी के पास से करीब 9,400 रुपए नकद ले लिए। इसके बाद उन्होंने पेट्रोल पंप के ऑफिस में रखी दराज को खंगाला, जहां दो पैकेटों में 84,475 रुपए रखे थे। कुल 93,875 रुपए लूटकर बदमाश स्कॉर्पियो से फरार हो गए। बदमाशों के हाथों में थे कट्टे पेट्रोल पंप कर्मचारी ने बताया कि दो बदमाशों के हाथों में कट्टा जैसे हथियार स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। अन्य बदमाशों के पास भी हथियार थे, लेकिन घबराहट के कारण वह उन्हें ठीक से नहीं देख सका। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस घटना के बाद कर्मचारी ने पेट्रोल पंप संचालक को सूचना दी, जिसके बाद मनेरी पुलिस चौकी को जानकारी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान और उनकी स्कॉर्पियो का पता लगाने में जुटी है। वीडियो में यह दिख रहा पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात साफ नजर आ रही है। फुटेज के मुताबिक, सबसे पहले एक नकाबपोश दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुआ और रैकी करने के बाद अपने साथियों को इशारा किया। इसके तुरंत बाद एक काले रंग की स्कॉर्पियो से 6 से 7 नकाबपोश बदमाश पहुंचे और वहां मौजूद दो कर्मचारियों को हथियारों के दम पर धमकाकर लूटपाट की। एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा वारदात की गंभीरता को देखते हुए जिले के एसपी राजेश रघुवंशी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम आसपास के क्षेत्रों में भी बदमाशों की तलाश कर रही है और आने-जाने वाले मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।