Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

जमशेदपुर के स्कूलों में छात्रों की बाइक-स्कूटी पर बैन, यूनिफॉर्म में दिखे तो होगी जांच

INT News26 September 2026 at 08:44 am

जमशेदपुर: सोनारी मरीन ड्राइव पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार स्कूली बच्चों की मौत के बाद जमशेदपुर के स्कूलों ने छात्रों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने का फैसला किया है. शुक्रवार की शाम धतकीडीह स्थित जेएच तारापोर स्कूल के सभागार में जमशेदपुर अनएडेड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की आपात बैठक हुई. इसमें शहर के करीब 30 प्राइवेट स्कूलों के प्रिंसिपलों ने हिस्सा लिया.

बैठक की शुरुआत सोनारी हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई. इसके बाद छात्रों की सुरक्षा से जुड़े कई अहम फैसले लिये गये. एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से सभी स्कूलों में छात्रों के बाइक और स्कूटी लेकर आने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया.

एसोसिएशन के सचिव श्रीकांत नायर ने कहा कि कई छात्र अपनी बाइक या स्कूटी स्कूल परिसर में नहीं, बल्कि आसपास के घरों या गलियों में खड़ी कर पैदल स्कूल में प्रवेश करते हैं. ऐसे मामलों में भी रोक जरूरी है. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चे बाइक या स्कूटी की जिद करें, तो वे उन्हें साफ तौर पर मना करें.

यूनिफॉर्म में दिखे छात्र तो ट्रैफिक पुलिस करेगी जांच

एसोसिएशन ने ट्रैफिक पुलिस से भी ऐसे मामलों में कार्रवाई की अपील की है. बैठक में कहा गया कि अगर कोई छात्र स्कूल यूनिफॉर्म में बाइक या स्कूटी चलाते हुए दिखाई देता है, तो ट्रैफिक पुलिस उसे रोककर ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट की जांच करे.

11वीं में 75% अटेंडेंस जरूरी, नहीं तो परीक्षा से हो सकते हैं वंचित

बैठक में 11वीं कक्षा के छात्रों की घटती उपस्थिति और कोचिंग के बढ़ते चलन पर भी चिंता जतायी गयी. एसोसिएशन ने फैसला लिया कि 11वीं में छात्रों की 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी. निर्धारित उपस्थिति पूरी नहीं करने वाले छात्रों को फाइनल परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जायेगी.

25% आरक्षित सीटों पर जारी रहेगा एडमिशन

आरक्षित 25 प्रतिशत सीटों पर एडमिशन की प्रक्रिया इस सत्र में भी पहले की तरह जारी रहेगी. एसोसिएशन ने कहा कि संबंधित अधिकारों और नियमों के तहत पारदर्शी तरीके से एडमिशन प्रक्रिया पूरी की जायेगी.

अनुदान मामले में हाइकोर्ट के फैसले का इंतजार

सरकारी अनुदान रोके जाने के मामले पर भी बैठक में चर्चा हुई. एसोसिएशन ने कहा कि मामला फिलहाल हाइकोर्ट में विचाराधीन है. कोर्ट के अंतिम फैसले के बाद ही आगे का रुख तय किया जायेगा.

अगले सत्र से हर साल होगा लीडरशिप कॉन्क्लेव

शिक्षा की गुणवत्ता और स्कूल प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए अगले सत्र से हर साल शहर में ‘लीडरशिप कॉन्क्लेव’ आयोजित करने का निर्णय लिया गया. इसमें स्कूल प्रबंधन और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जायेगी.

फीस बढ़ोतरी में जेट के आदेश का पालन

फीस बढ़ोतरी को लेकर भी एसोसिएशन ने जेट के आदेशों का पालन करने की बात कही. हर दो साल में 10 प्रतिशत फीस बढ़ोतरी के प्रावधान के अनुसार ही शुल्क में वृद्धि की जायेगी. जिन स्कूलों ने पिछले वर्ष फीस नहीं बढ़ायी थी, वे इस सत्र में नियमानुसार फीस बढ़ा सकेंगे.