Sunday, 13 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

सोनीपत में डिवाइडर से टकराई बाइक, एक की मौत:दो घायल; पार्टी कर लौट रहे थे; तीनों ब्लिंकिट में करते थे काम

INT News13 September 2026 at 10:57 am

सोनीपत के मुरथल रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित हो गई। हादसे में बाइक चला रहे सांदल कलां निवासी सुमित (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार प्रिंस और साहिल घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल प्रिंस को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जबकि साहिल का सिविल अस्पताल में उपचार किया गया। बताया जा रहा है कि तीनों युवक ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करते थे और पार्टी करने के बाद लौट रहे थे। डिवाइडर से टकराई बाइक, तीनों गिरे हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार बाइक डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित हो गई और तीनों युवक सड़क पर गिर गए। बाइक सुमित चला रहा था। टक्कर के बाद सुमित को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस को कंट्रोल रूम के जरिए हादसे की सूचना मिली। जांच अधिकारी सोमबीर के अनुसार डायल-112 के जरिए पुलिस को सुबह करीब 6:44 बजे सूचना मिली थी। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। रात की ड्यूटी के बाद घर लौट रहा था सुमित जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करते थे। साथी राइडर्स के अनुसार सुमित रात की ड्यूटी करता था और सामान्य तौर पर सुबह करीब 8 बजे घर लौटता था। रविवार को भी वह रात की ड्यूटी पूरी करने के बाद घर की ओर जा रहा था, लेकिन मुरथल रोड पर हादसे में उसकी जान चली गई। सुमित सोनीपत के सांदल कलां गांव का रहने वाला था। वह शादीशुदा था और उसका करीब दो से तीन साल का बच्चा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। प्रिंस गंभीर, रोहतक पीजीआई रेफर हादसे में घायल प्रिंस और साहिल को सिविल अस्पताल सोनीपत पहुंचाया गया। प्रिंस की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वहीं साहिल का सिविल अस्पताल में उपचार किया गया। प्रिंस का अल्कोहल टेस्ट पॉजिटिव आने की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल पाएगा। शव ढाई घंटे तक सड़क पर पड़े रहने का आरोप हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों ने घायलों की मदद और एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक घायल को राहगीर अपने स्तर पर अस्पताल लेकर गया, जबकि दूसरे घायल को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। राहगीरों का दावा है कि सुमित का शव करीब दो से ढाई घंटे तक घटनास्थल पर पड़ा रहा। उनका आरोप है कि इस दौरान दो-तीन एंबुलेंस वहां से गुजरीं, लेकिन पुलिस केस होने की बात कहकर मौके पर नहीं रुकीं। पुलिस जांच में स्पष्ट होगी पूरे घटनाक्रम की स्थिति राहगीरों का कहना है कि हादसे के बाद घायलों को तत्काल मदद मिलती तो स्थिति अलग हो सकती थी। हालांकि, ये प्रत्यक्षदर्शियों के दावे हैं और इनकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों के साथ-साथ मौके पर हुई कार्रवाई और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के पूरे घटनाक्रम की भी जांच कर रही है। सुमित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।