Tuesday, 18 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

मऊगंज में तेंदुआ पहुंचा, दो कुत्तों का शिकार किया:वन विभाग के कर्मचारी कर रहे निगरानी; ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह

INT News18 August 2026 at 06:40 pm

मऊगंज जिले की हनुमना तहसील के ग्राम पंचायत मझिगवां में सोमवार को तेंदुए की दस्तक से हड़कंप मच गया। गांव के पास यूकेलिप्टस की झाड़ियों में तेंदुए को देखा गया है, जिसने गांव के दो कुत्तों को अपना शिकार बना लिया। खबर मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी। वन परिक्षेत्र अधिकारी नयन तिवारी और आरपी मिश्रा अपनी टीम के साथ गांव में तैनात हैं और आसपास की झाड़ियों की लगातार छानबीन कर रहे हैं। वन विभाग के अफसरों ने मंगलवार शाम बताया कि तेंदुए को आखिरी बार बगीचे की तरफ देखा गया था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम रात में भी गांव में मुस्तैद रहेगी। हालांकि दोबारा तेंदुआ नज़र नहीं आया है, लेकिन अधिकारियों को उम्मीद है कि वह अपने आप जंगल की तरफ लौट जाएगा। बच्चों और मवेशियों को लेकर रहें सावधान सुरक्षा के लिहाज से वन विभाग ने गांव वालों को बिना काम के घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी है। खासतौर पर छोटे बच्चों और मवेशियों को सुरक्षित रखने को कहा गया है। इसके साथ ही अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि तेंदुए को देखने के लिए भीड़ न जुटाएं और न ही उसे छेड़ने या भगाने की कोशिश करें। जब तक तेंदुआ वापस जंगल में नहीं चला जाता, गांव में अलर्ट जारी रहेगा।