Sunday, 13 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

शिवपुरी मैराथन में युवाओं के दो गुटों में मारपीट:बाइक आगे निकालने पर शुरू हुआ विवाद, वीडियो भी सामने आया

INT News13 September 2026 at 10:44 am

शिवपुरी के करैरा कस्बे के टीला-लोटनपुरा स्टेडियम में मैराथन दौड़ प्रतियोगिता के दौरान युवाओं के दो गुटों में मारपीट हो गई। घटना भाजपा जिला उपाध्यक्ष और पाल बघेल धनगर महासभा के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल सिंह पाल दद्दा के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक एक-दूसरे से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मैराथन दौड़ के दौरान कुछ बाइक सवार युवक प्रतिभागियों के आगे चल रहे थे। इसी बात को लेकर कुछ युवकों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों गुटों के युवक आपस में भिड़ गए। काफी देर तक चलता रहा विवाद मौके पर मौजूद लोगों ने युवकों को समझाने और बीच-बचाव करने की कोशिश की। इसके बावजूद कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती रही। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। फिलहाल मारपीट में कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस में शिकायत दर्ज हुई है या नहीं, इसे लेकर भी अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। जन्मदिन कार्यक्रम में आयोजित हुई थी मैराथन गोपाल सिंह पाल दद्दा के जन्मदिन के मौके पर टीला-लोटनपुरा स्टेडियम में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इसमें दूर-दराज से बड़ी संख्या में समर्थक, कार्यकर्ता और समाज के लोग पहुंचे थे। मैराथन दौड़ प्रतियोगिता कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही, जिसमें कई युवाओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में झांसी के कपिल परिहार ने पहला, झांसी के यश शर्मा ने दूसरा और सेमरा के अंगद यादव ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसी दौरान बाइक सवार युवकों के आगे चलने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। वीडियो सामने आने के बाद घटना की चर्चा हो रही है।