Tuesday, 4 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पश्चिम बंगाल

आरजी कर अस्पताल पहुंची सीबीआई की नयी एसआईटी, जानें रत्ना देबनाथ ने क्या रखी मांग

INT News3 August 2026 at 10:58 pm

आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दो साल पहले एक प्रशिक्षु महिला चिकित्सक की दुष्कर्म के बाद हत्या मामले की सीबीआई जांच में तेजी आ गयी है. सोमवार को सीबीआई की 5 सदस्यीय नयी विशेष जांच टीम (SIT) ने अस्पताल का दौरा किया. अपराध स्थल (क्राइम सीन) समेत इमरजेंसी विभाग के अलग-अलग हिस्सों का गहन निरीक्षण किया. कोलकाता हाईकोर्ट के मई में दिये गये आदेश के तहत सीबीआई की इस एसआईटी का गठन किया गया था. टीम का उद्देश्य 9 अगस्त 2024 की रात प्रशिक्षु डॉक्टर के रात का भोजन करने से लेकर उसके अंतिम संस्कार तक घटी तमाम घटनाओं की सिलसिलेवार जांच करना और साक्ष्यों का पुनर्मूल्यांकन करना है.

नये आईओ संदीपनी गर्ग के नेतृत्व में आगे बढ़ रही जांच

मामले की कमान अब सीबीआई के नये जांच अधिकारी (IO) संदीपनी गर्ग संभाल रहे हैं. उन्होंने हाल ही में 30 जुलाई को सियालदह अदालत में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी थी. पीड़िता की मां से बातचीत कर सीबीआई की निष्पक्षता पर विश्वास बनाये रखने की अपील उनसे की थी. आरजी कर अस्पताल के अधीक्षक सप्तर्षि चट्टोपाध्याय ने सीबीआई की इस कार्रवाई की पुष्टि की है.

ये भी पढ़ें: आरजी कर कांड में निर्मल घोष से CBI की पूछताछ, श्मशान घाट के रजिस्टर ने बढ़ायी TMC नेता की मुश्किलें

परिजनों की नयी मांग और सीबीआई की आगे की रणनीति

सीबीआई सूत्रों के अनुसार, पहली जांच टीम द्वारा जुटाये गये सभी केस डायरी, फॉरेंसिक रिकॉर्ड्स और दस्तावेज नयी एसआईटी को सौंप दिये गये हैं. पिछले सप्ताह एजेंसी ने स्थानीय अदालत में स्टेटस रिपोर्ट सौंपकर बताया था कि जांच अभी जारी है और इसे अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता है.

ये भी पढ़ें: बंगाल: R G Kar अस्पताल में दिल के मरीज को नहीं मिला स्ट्रेचर, शौचालय जाते वक्त रास्ते में मौत

फॉरेंसिक विशेषज्ञों की भूमिका की जांच की मांग

इस बीच, पीड़िता के परिवार ने सीबीआई के सामने एक नया आवेदन पेश किया है. परिजनों ने मांग की है कि पीड़िता की मौत से ठीक पहले उससे संपर्क में रहने वाले लोगों और शव का पोस्टमार्टम करने वाले फॉरेंसिक विशेषज्ञों की भूमिका की भी कड़ाई से जांच की जाये. सीबीआई अधिकारियों ने संकेत दिया है कि इन सभी बिंदुओं को जांच के दायरे में शामिल किया जा रहा है.